सर्दियों का मौसम आते ही सिर्फ इंसानों की ही नहीं बल्कि पौधों की दिनचर्या भी पूरी तरह बदल जाती है। ठंड बढ़ने पर पौधों की ग्रोथ धीमी हो जाती है, मिट्टी देर से सूखती है और धूप भी सीमित समय के लिए ही मिल पाती है। इस दौरान कई लोग पानी देने को लेकर बड़ी गलती कर बैठते हैं। कुछ लोग ठंड के डर से पौधों को बहुत कम पानी देते हैं, जिससे पौधे पोषक तत्वों की कमी के कारण कमजोर हो सकते हैं। वहीं, कुछ लोग पौधों को बचाने के चक्कर में रोजाना अधिक पानी डालते हैं, जिससे मिट्टी में नमी जमा हो जाती है और जड़ों को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती।
