Chandrababu Naidu swearing-in ceremony: जन सेना पार्टी के अध्यक्ष पवन कल्याण आंध्र प्रदेश के नए उपमुख्यमंत्री बन सकते हैं। राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में तेलगु देशम पार्टी प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू बुधवार (11 जून) को शपथ लेने वाले हैं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे। नायडू को मंगलवार को आंध्र प्रदेश विधानसभा में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) का नेता चुन लिया गया। विजयवाड़ा में तेलुगु देशम पार्टी, जनसेना और भारतीय जनता पार्टी (BJP) विधायकों की बैठक में विधायकों ने सर्वसम्मति से नायडू को NDA नेता चुना। जनसेना प्रमुख पवन कल्याण ने NDA के नेता के रूप में चंद्रबाबू नायडू के नाम का प्रस्ताव रखा, जिसका राज्य BJP प्रमुख डी पुरंदेश्वरी ने भी समर्थन किया।
TDP नेता के. अचेन नायडू ने बताया कि इससे पहले सुबह नायडू को सर्वसम्मति से पार्टी विधायक दल का नेता चुना गया। इसी तरह जनसेना पार्टी के संस्थापक पवन कल्याण को विधानसभा में पार्टी का नेता चुना गया। चौथी बार मुख्यमंत्री बनने की घोषणा करते हुए नायडू ने कहा कि उन्होंने दक्षिणी राज्य के लिए केंद्र सरकार से सहयोग मांगा है और इसके लिए आश्वासन दिया गया है। उन्होंने संकल्प जताया कि अमरावती आंध्र प्रदेश की एकमात्र राजधानी होगी।
पवन कल्याण को मिलेगी अहम जिम्मेदारी
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में मंत्री पद के लिए बातचीत से अवगत लोगों ने मंगलवार को बताया कि पवन कल्याण ने उपमुख्यमंत्री पद लेने में अपनी रुचि व्यक्त की है। नायडू ने उन्हें अपने मंत्रिमंडल में "महत्वपूर्ण भूमिका" देने का आश्वासन दिया है। तेलुगु देशम पार्टी के नेता नायडू बुधवार को विजयवाड़ा के बाहरी इलाके में गन्नावरम एयरपोर्ट के पास केसरपल्ली आईटी पार्क में सुबह 11.27 बजे शपथ लेंगे।
बाद में मंगलवार को एनडीए के नेता राज्यपाल एस अब्दुल नजीर से मिलेंगे और सरकार बनाने का दावा पेश करेंगे। शाम तक राज्यपाल की ओर से सरकार बनाने का निमंत्रण मिल सकता है। TDP, BJP और जन सेना वाले एनडीए ने हाल ही में संपन्न हुए लोकसभा और विधानसभा चुनावों में 164 विधानसभा सीटों और 21 लोकसभा सीटों के साथ भारी बहुमत के साथ दक्षिणी राज्य में शानदार जीत हासिल की।
BJP के दो मंत्री बनने की संभावना
नायडू के साथ कुछ और नेताओं के शपथ लेने की संभावना है। टीडीपी महासचिव और नायडू के बेटे नारा लोकेश और जन सेना नेता एन मनोहर के नाम चर्चा में हैं। इसके अलावा सूत्रों ने बताया कि BJP को दो कैबिनेट पद मिलने की संभावना है। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य गणमान्य लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। समारोह की तैयारियों की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव नीरभ कुमार प्रसाद ने कहा कि प्रधानमंत्री के बुधवार को सुबह 8.20 बजे दिल्ली से गन्नावरम एयरपोर्ट के लिए रवाना होने और 10.40 बजे पहुंचने की उम्मीद है।