अगले महीने पांच राज्यों में विधानसभा के चुनाव (State Elections) होने जा रहे हैं। इनमें राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, तेलंगाना और मिजोरम शामिल हैं। इन चुनावों के नतीजों में 'साइलेंट वोटर्स' माने जाने वाली महिलाओं की बड़ी भूमिका रहने की उम्मीद है। इन पांच राज्यों में 2018 से अब तक मतदाताओं की संख्या 1.6 करोड़ बढ़ी है। इनमें से कम से कम 82.5 लाख महिलाएं हैं और 72.3 लाख पुरुष हैं। इन राज्यों के चुनावों में कम से कम 16 करोड़ मतदाताओं के वोट डालने की उम्मीद है। इनमें से 8.2 करोड़ यानी आधे से ज्यादा पुरुष हैं। महिला मतदाताओं की संख्या 7.8 करोड़ है। मिजोरम और छत्तीसगढ़ ऐसे दो राज्य हैं, जहां महिला मतदाताओं की संख्या पुरुष मतदाताओं से ज्यादा है। तेलंगाना में दोनों तरह के मतदाताओं की संख्या करीब-करीब बराबर है। बाकी दो राज्यों में पुरुष मतदाताओं की संख्या ज्यादा है। साल दर साल मतदान में महिलाओं की हिस्सेदारी बढ़ रही है। साइलेंट वोटर्स की जगह उनकी पहचान अब एक्टिव वोटर्स की बनने लगी है।
