Assembly Elections 2023: कांग्रेस ने छत्तीसगढ़ में अब तक 18 विधायकों के काटे टिकट, दिल्ली में आज BJP की बड़ी बैठक

Assembly Elections 2023: कांग्रेस ने जहां पुराने विधायकों पर फिर से भरोसा जताया है। वहीं नए चेहरों को भी मौका दिया गया है। पार्टी ने अपने 25 मौजूदा विधायकों पर फिर से भरोसा जताया है। जबकि एक पूर्व मंत्री सहित 10 मौजूदा विधायकों की टिकट काट दी है। पार्टी ने 22 नए चेहरों को मौका दिया है। कांग्रेस द्वारा जारी 53 उम्मीदवारों की लिस्ट में 17 सीटें वे हैं, जहां से कांग्रेस 2018 के विधानसभा चुनाव में हार गई थी। पार्टी ने अब तक कुल 83 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है

अपडेटेड Oct 19, 2023 पर 10:39 AM
Assembly Elections 2023: कांग्रेस ने अब तक कुल 18 मौजूदा विधायकों की टिकट काट दी है

Assembly Elections News 2023: छत्तीसगढ़ के सत्ताधारी कांग्रेस ने राज्य में हो रहे विधानसभा चुनाव के लिए 53 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। कांग्रेस ने जहां पुराने विधायकों पर फिर से भरोसा जताया है। वहीं नए चेहरों को भी मौका दिया गया है। पार्टी ने अपने 25 मौजूदा विधायकों पर फिर से भरोसा जताया है। जबकि एक पूर्व मंत्री सहित 10 मौजूदा विधायकों की टिकट काट दी है। पार्टी ने 22 नए चेहरों को मौका दिया है। कांग्रेस द्वारा जारी 53 उम्मीदवारों की लिस्ट में 17 सीटें वे हैं, जहां से कांग्रेस 2018 के विधानसभा चुनाव में हार गई थी। पार्टी ने अब तक कुल 83 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की है। पहली और दूसरी लिस्ट मिलाकर कांग्रेस के कुल 18 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे गए हैं।

राज्य के जिन 53 सीटों पर पार्टी ने उम्मीदवार का ऐलान किया है उनमें से 14 अनुसूचित जनजाति के लिए, जबकि छह अनुसूचित जाति वर्ग के लिए आरक्षित है। पार्टी ने 33 सामान्य सीटों में से 17 पर अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) के उम्मीदवारों को चुनाव मैदान में उतारा है। लिस्ट में तीन मौजूदा विधायकों और एक पूर्व राज्यसभा सांसद सहित दस महिला उम्मीदवार हैं।

कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ विधायक धनेंद्र साहू, खेलसाय सिंह और रामपुकार सिंह को उनके पारंपरिक क्षेत्र अभनपुर, प्रेमनगर और पत्थलगांव (ST) से चुनाव मैदान में उतारा है। वहीं पूर्व राज्यसभा सांसद छाया वर्मा को धरसीवा सीट से उम्मीदवार बनाया गया है। पार्टी ने धरसीवा से अनिता योगेंद्र शर्मा की टिकट काट दी है।


पार्टी ने प्रतापपुर सीट से वरिष्ठ विधायक प्रेमसाय सिंह टेकाम की टिकट काट दी है। साय को इस साल जुलाई में भूपेश मंत्रिमंडल से हटा दिया गया था। बाद में साय के स्थान पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष रहे मोहन मरकाम को मंत्री बनाया गया था। साय राज्य के स्कूली शिक्षा मंत्री थे।

ये भी पढ़ें- CG Election 2023: छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की 53 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, जानिए किसे कहां से टिकट मिला

कांग्रेस से आगे निकली बीजेपी

राज्य के मुख्य विपक्षी दल भारतीय जनता पार्टी ने अब तक 86 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। कांग्रेस ने 2018 के विधानसभा चुनाव में 90 सदस्यीय विधानसभा में 68 सीटें जीतकर सरकार बनाई थी। भाजपा 15 सीटों पर सिमट गई थी। राज्य में जेसीसी (जे) और बसपा को क्रमशः पांच और दो सीटें मिली थी। कांग्रेस के मौजूदा विधायक 71 है। कांग्रेस ने इस बार 75 सीटें जीतने का लक्ष्य रखा है।

दिल्ली में आज होगी BJP की बड़ी बैठक

राजस्थान, मध्य प्रदेश और तेलंगाना चुनावों पर चर्चा के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के कोर ग्रुप की गुरुवार 19 अक्टूबर को बैठक होने की संभावना है। चुनावी राज्यों में टिकट बंटवारे को लेकर बीजेपी मंथन करने वाली हैं। बीजेपी कोर ग्रुप की बैठक मंगलवार को जेपी नड्डा के आवास पर होगी। दोपहर 12 बजे राजस्थान कोर ग्रुप और दोपहर 3 बजे के बाद मध्य प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक होगी। इन बैठकों में वसुंधरा राजे सिंधिया और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित तीनों प्रदेशों के बड़े नेता शामिल होंगे। इस बैठक के बाद मध्य प्रदेश बीजेपी की तीसरी और राजस्थान बीजेपी की दूसरी लिस्ट पर फाइनल मुहर लगने वाली है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।