I.N.D.I.A. अलायंस में तेज हुआ झगड़ा! सपा ने अखिलेश यादव को बताया भावी प्रधानमंत्री, BJP ने किया पलटवार

I.N.D.I.A. अलायंस में समाजवादी पार्टी एक प्रमुख सहयोगी है, जो 28 राजनीतिक दलों का गठबंधन है। 2024 में लोकसभा चुनावों में बीजेपी से मुकाबला करने के लिए इसे बनाया गया है। हालांकि, गठबंधन ने अपने प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के चेहरे की घोषणा नहीं की है। पोस्टर पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव का मजाक उड़ाते हुए बीजेपी नेता और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि सपने देखने से कोई किसी को नहीं रोक सकता

अपडेटेड Oct 23, 2023 पर 3:08 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Congress vs SP: अखिलेश यादव ने लोकसभा चुनाव 2024 को लेकर PDA का जिक्र किया है

I.N.D.I.A. अलायंस के दो प्रमुख घटक दलों समाजवादी पार्टी (SP) एवं कांग्रेस (Congress) में तकरार और तेज हो गया है। मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए सीट बंटवारे को लेकर कांग्रेस और सपा के बीच जारी तनाव के बीच उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी कार्यालय के बाहर अखिलेश यादव को 'भावी प्रधानमंत्री' बताते हुए एक होर्डिंग लगाया गया है। यह होर्डिंग कथित तौर पर पार्टी प्रवक्ता फखरुल हसन 'चांद' ने लगाया है। यह पोस्टर कांग्रेस के खिलाफ अखिलेश यादव के "विश्वासघात" वाले आरोपों के बाद आया है। इस पोस्टर उन अटकलों को बल मिला है कि कई हस्तक्षेपों के बावजूद दोनों सहयोगियों के बीच सब कुछ ठीक नहीं है।

पोस्टर के बारे में पूछे जाने पर सपा प्रवक्ता चांद ने पत्रकारों से कहा, "अखिलेश यादव का जन्मदिन 1 जुलाई को होता है लेकिन उनके प्रति प्रेम एवं सम्मान जताते हुए नेता और कार्यकर्ता कई बार उनका जन्मदिन मनाते हैं। सपा के कार्यकर्ताओं की कामना है कि अखिलेश यादव देश के प्रधानमंत्री बने और जनता की सेवा करें।" इस बीच, राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने भी पोस्टर पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने कहा, "हर पार्टी की अपनी आकांक्षाएं होती हैं...पार्टी कार्यकर्ता जो चाहें बना सकते हैं।"

समाजवादी पार्टी I.N.D.I.A. अलायंस में एक प्रमुख सहयोगी है, जो 28 राजनीतिक दलों का गठबंधन है। 2024 में लोकसभा चुनावों में बीजेपी से मुकाबला करने के लिए इसे बनाया गया है। हालांकि, गठबंधन ने अपने प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार के चेहरे की घोषणा नहीं की है। पोस्टर पर प्रतिक्रिया देते हुए अखिलेश यादव का मजाक उड़ाते हुए बीजेपी नेता और उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने कहा कि सपने देखने से कोई किसी को नहीं रोक सकता।


योगी सरकार में मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने सपा के पोस्टर को 'मुंगेरी लाल के हसीन सपने' बताया। उन्होंने न्यूज एजेंसी ANI से कहा, "एक कहावत है, 'मुंगेरी लाल के हसीन सपने...' दिवास्वप्न देखने से कोई किसी को नहीं रोक सकता। लेकिन अपनी क्षमता के अनुसार सपने देखना चाहिए। पीएम मोदी के नेतृत्व में हमारा देश प्रगति की राह पर आगे बढ़ रहा है। देश की जनता को पीएम मोदी पर भरोसा है और देश निश्चित तौर पर पीएम मोदी को तीसरी बार पीएम चुनेगा।''

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं देने से नाराज सपा प्रमुख ने पिछले दिनों संकेत दिया था कि कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में उनकी पार्टी से वैसा ही बर्ताव मिल सकता है। सपा प्रमुख की नाराजगी के बाद कांग्रेस की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष अजय राय ने पलटवार करते हुए कहा कि सपा उनकी पार्टी को दोष नहीं दे सकती, क्योंकि उसने कांग्रेस से पहले अपने उम्मीदवारों की सूची जारी की थी। उन्होंने कहा कि अलग से चुनाव लड़कर बीजेपी को मजबूती दे रही है।

मध्य प्रदेश की 230 सदस्यीय विधानसभा के लिए 17 नवंबर को होने वाले चुनाव के लिए सपा ने अब तक 31 सीटों पर अपने उम्मीदवारों की घोषणा की है। 2018 के मध्य प्रदेश चुनावों में सपा ने आदिवासी गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के साथ गठबंधन में 1.30 प्रतिशत वोट हासिल करके एक सीट (बुंदेलखंड क्षेत्र में बिजावर) जीती और पांच पर दूसरे स्थान पर रही।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।