Assembly Elections: भारतीय जनता पार्टी (BJP) की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक बुधवार को होने की संभावना है। इसमें आगामी विधानसभा चुनावों के लिए पार्टी के उम्मीदवारों के नाम पर चर्चा की जाएगी। न्यूज एजेंसी PTI ने सूत्रों के हवाले से मंगलवार को ये जानकारी दी। CEC के सदस्यों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi), केंद्रीय मंत्री अमित शाह (Amit Shah), राजनाथ सिंह (Rajnath Singh) और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा (JP Nadda) के अलावा दूसरे वरिष्ठ नेता शामिल हैं।
CEC ने पिछले महीने बैठक की थी और मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 39 सीट पर और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनाव के लिए 21 सीट पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी।
BJP ने जिन सीट पर उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी, उनमें ज्यादातर सीट ऐसी थी, जहां BJP ने पिछले चुनाव में हार का सामना किया था।
अपनी परंपरा से हटते हुए BJP ने इस बार विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा होने से काफी पहले ही अपने उम्मीदवारों के नामों की घोषणा शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में नवंबर-दिसंबर में विधानसभा चुनाव होने हैं, जो 2024 में लोकसभा चुनाव से पहले विधानसभा चुनावों का अंतिम दौर है।
64 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट हो सकती है जारी
सोमवार को दिल्ली में BJP के शीर्ष नेताओं की उच्च स्तरीय बैठक से आगामी मध्य प्रदेश चुनावों के लिए उम्मीदवारों के नाम तय होने की अटकलें तेज हो गईं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें, तो बीजेपी 13 सितंबर को अपने 64 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर सकती है।
सोमवार को दिल्ली में एक उच्च स्तरीय बैठक हुई, जिसमें बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा, गृह मंत्री अमित शाह, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष वीडी शर्मा और प्रदेश संगठन सचिव हितानंद शर्मा शामिल हुए।
इस बैठक के दौरान आगामी चुनावों के लिए पार्टी उम्मीदवारों की लिस्ट पर चर्चा हुई। बीजेपी इस दूसरी लिस्ट में पिछले चुनाव में हारी हुई 64 सीटों पर उम्मीदवारों की घोषणा करने की योजना बना रही है।