Delhi Assembly Elections: दिल्ली शराब घोटाला मामले में तिहाड़ जेल में बंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को विधानसभा चुनाव से पहले दोहरा झटका लगा है। दिल्ली में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक करतार सिंह तंवर और पूर्व विधायक राज कुमार आनंद मंगलवार (13 जुलाई) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हो गए। दलित समुदाय से ताल्लुक रखने वाले आनंद मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार में मंत्री थे। आबकारी मामले में AAP संयोजक की गिरफ्तारी के बाद उन्होंने पार्टी छोड़ दी थी।
पटेल नगर सीट से पूर्व विधायक आनंद के साथ उनकी पत्नी वीणा आनंद भी भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुईं। बीजेपी की दिल्ली इकाई के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा और राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह की मौजूदगी में इन नेताओं ने केंद्र की सत्तारूढ़ पार्टी बीजेपी का दामन थामा। लोकसभा चुनाव से पहले आनंद बहुजन समाज पार्टी (BSP) में शामिल हो गए थे। उन्होंने नई दिल्ली लोकसभा क्षेत्र से चुनाव लड़ने की घोषणा की थी।
केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद छोड़ा साथ
अरविंद केजरीवाल मंत्रिमंडल में समाज कल्याण मंत्री रहे आनंद ने 10 अप्रैल को अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने AAP की प्राथमिक सदस्यता से भी इस्तीफा देने की घोषणा की थी। 21 मार्च को दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के बाद AAP सरकार से यह पहला इस्तीफा था। आनंद ने इस्तीफा देने का कारण बताते हुए कहा था, "आप का जन्म भ्रष्टाचार से लड़ने के लिए हुआ था, लेकिन आज पार्टी भ्रष्टाचार के दलदल में फंस गई है। मेरे लिए मंत्री पद पर काम करना मुश्किल हो गया है। मैंने मंत्री पद और पार्टी से इस्तीफा दे दिया है, क्योंकि मैं अपना नाम इस भ्रष्टाचार से नहीं जोड़ सकता।"
समाज कल्याण समेत कई मंत्रालय संभाल चुके आनंद ने आरोप लगाया कि आम आदमी पार्टी के शीर्ष नेताओं में कोई दलित नहीं है। उन्होंने अरविंद केजरीवाल पर भी कटाक्ष किया, जो आबकारी नीति से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग मामले में न्यायिक हिरासत में रिमांड पर लेकर तिहाड़ जेल में हैं। वह दिल्ली हाई कर्ट से कोई राहत पाने में विफल रहे हैं। पूर्व आप नेता ने कहा कि जंतर-मंतर से अरविंद केजरीवाल ने कहा था कि राजनीति बदलेगी तो देश बदलेगा, लेकिन ऐसा कुछ भी नहीं हुआ।
आनंद ने पत्रकारों से कहा, "राजनीति नहीं बदली है, लेकिन राजनेता बदल गए हैं।" पटेल नगर विधानसभा क्षेत्र से विधायक आनंद ने भारतीय जनता पार्टी के प्रवेश रत्न को 30,000 से अधिक मतों के अंतर से हराकर पटेल नगर सीट से 2020 का दिल्ली विधानसभा चुनाव जीता। नवंबर 2022 में वे दिल्ली के कैबिनेट मंत्री बने। उनके पास श्रम एवं रोजगार, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति, भूमि एवं भवन, सहकारिता और गुरुद्वारा चुनाव विभागों का अतिरिक्त प्रभार भी था।