दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने शुक्रवार को प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के "शीशमहल" वाले तंज पर उनकी आलोचना की। उन्होंने कहा कि "जो 10 लाख रुपए का सूट पहनता है, उसके (पीएम मोदी) मुंह से 'शीशमहल' की बात करना शोभा नहीं देता।" आज सुबह केजरीवाल पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि वह भी अपने लिए 'शीशमहल' बना सकते थे, लेकिन उनका सपना देश में सभी के लिए अपना घर सुनिश्चित करना था।
मोदी की तंज पर पलटवार करते हुए, केजरीवाल ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "जो अपने लिए 2,700 करोड़ रुपए का घर बनाता है, जो 8,400 करोड़ रुपए के हवाई जहाज में यात्रा करता है, जो 10 लाख रुपए का सूट पहनता है, वह 'शीश महल' के बारे में बात नहीं करता है। यह उनके मुंह को शोभा नहीं देता... मैं व्यक्तिगत आरोप-प्रत्यारोप में नहीं पड़ना चाहता, मैं गालियों की राजनीति नहीं करता।"
केजरीवाल ने 2020 के 'संकल्प पत्र' का किया जिक्र
केजरीवाल ने कहा, "2020 में पीएम ने दिल्ली की जनता से कुछ वादे किए। 2020 के 'संकल्प पत्र' में साफ कहा गया है कि 2022 तक दिल्ली में हर किसी को पक्का घर मिलेगा। उन्होंने (पीएम मोदी) कहा कि 2022 तक दिल्ली में हर किसी को पक्का घर मिलेगा... आज 2025 में पीएम मोदी ने 1700 घरों को चाबियां सौंपी हैं और कुछ समय पहले उन्होंने कालकाजी में 3000 घरों को चाबियां दी थीं।"
उन्होंने आगे कहा, "कुल मिलाकर उन्होंने 5 साल में 4700 घरों को चाबियां दी हैं। दिल्ली में 4 लाख झुग्गियां हैं और 15 लाख लोगों को घर की जरूरत है। ऐसा लगता है कि उनका घोषणापत्र 5 साल के लिए नहीं बल्की 200 साल के लिए था।"
PM मोदी ने दिल्ली के लोगों को "गाली" दी: केजरीवाल
यह कहते हुए कि पीएम मोदी ने दिल्ली के लोगों को "गाली" दी, केजरीवाल ने कहा, "आज, पीएम मोदी ने 43 मिनट का भाषण दिया, जिसमें उन्होंने लगभग 39 मिनट तक दिल्ली के लोगों और उनकी ओर से चुनी गई सरकार को गाली दी।"
उन्होंने कहा, "2015 में, दिल्ली के लोगों ने दिल्ली के लिए दो सरकारें चुनीं - BJP के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार और AAP के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार। अब 10 साल हो गए हैं। अगर आप मुझसे पूछें कि इन 10 सालों में दिल्ली में AAP सरकार ने क्या-क्या काम किए हैं, तो शायद 2-3 घंटे भी पर्याप्त नहीं होंगे।"