'ईश्वर उनकी धूर्तता का दंड जरूर देगा': BJP नेता ने शीला दीक्षित को लेकर जताई सहानुभूति, केजरीवाल पर बोला हमला
Delhi Election 2025: भारतीय जनता पार्टी के सीनियर नेता डॉक्टर हर्षवर्धन ने कहा कि हमारे राजनीतिक मतभेद देशहित के लिए पहले भी थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे। लेकिन इस तरह का बर्ताव जो स्वर्गीय शीला दीक्षित जी के साथ अरविंद केजरीवाल ने किया है, ईश्वर उन्हें उनकी इस धूर्तता का दंड जरूर देगा
Delhi Election 2025: पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने AAP प्रमुख अरविंद केजरीवाल को निशाने पर लिया है
Delhi Elections 2025 Date: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने दिल्ली के पूर्व सीएम दिवंगत शीला दीक्षित को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर बड़ा हमला बोला है। बीजेपी के दिग्गज नेता ने कहा कि शीला दीक्षित के साथ केजरीवाल ने जो बर्ताव किया उसका ईश्वर उन्हें दंड जरूर देगा। बीजेपी नेता ने यह बयान कांग्रेस नेता संदीप दीक्षित के एक इंटरव्यू का वीडियो शेयर करते हुए दिया। एक इंटरव्यू में शीला दीक्षित के बेटे संदीप दीक्षित केजरीवाल पर कई गंभीर आरोप लगा रहे हैं। दिल्ली में अगले महीने फरवरी में विधानसभा चुनाव होने हैं।
डॉक्टर हर्षवर्धन ने वीडियो के साथ एक पोस्ट में लिखा, "हमारे राजनीतिक मतभेद देशहित के लिए पहले भी थे, आज भी हैं और आगे भी रहेंगे लेकिन इस तरह का बर्ताव जो स्वर्गीय शीला दीक्षित जी के साथ अरविंद केजरीवाल ने किया है, ईश्वर उन्हें उनकी इस धूर्तता का दंड जरूर देगा।" उन्होंने कहा कि केजरीवाल ने सिर्फ शीला दीक्षित नहीं, बल्कि देश के कई बड़े नेताओं के खिलाफ आरोप लगाए जिनके साथ वह आज Í.N.D.I.A. गठबंधन में खड़े नजर आते हैं।
इस इंटरव्यू में संदीप दीक्षित ने केजरीवाल पर जमकर हमला बोला। कांग्रेस नेता ने कहा कि शीला दीक्षित के समय दिल्ली सीएम आवास में 12 AC लगे थे तब केजरीवाल सवाल उठा रहे थे। लेकिन एक महिला को बदनाम करने के लिए उन्होंने उसको इस्तेमाल किया। संदीप ने दावा किया केजरीवाल ने मेरे पालतू कुत्तों के खर्चों के बारे में भी RTI से सवाल पूछा था।
केजरीवाल पर करेंगे मानहानी का मुकदमा
संदीप दीक्षित ने कहा है कि दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और आम आदमी पार्टी (आप) सांसद संजय सिंह ने उन पर भारतीय जनता पार्टी (BJP) से पैसे लेने के झूठे आरोप लगाए हैं, इसलिए वह इन दोनों के खिलाफ मानहानि का मामला दर्ज कराएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि वह इस मुकदमे में 10 करोड़ रुपये की मांग करेंगे। यह राशि मिलने पर पांच करोड़ रुपया यमुना नदी की सफाई और पांच करोड़ रुपये प्रदूषण पर अंकुश लगाने के लिए दान करेंगे।
पूर्व सांसद दीक्षित ने पत्रकारों से बातचीत में दावा किया कि आप नेता अरविंद केजरीवाल पैथोलॉजिकल लायर (आदतन झूठे) हैं, क्योंकि उन्होंने पिछले 13 वर्षों में जितने आरोप लगाए तथा दावे किए, उन्हें साबित नहीं कर पाए। नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र से केजरीवाल के खिलाफ चुनाव लड़ रहे दीक्षित ने कहा कि केजरीवाल ने उनकी दिवंगत मां और पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित को बेबुनियाद आरोप लगाकर बदनाम किया था, लेकिन आज तक कोई सबूत नहीं दे सके।
दीक्षित ने कहा, "5-6 दिन पहले दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी और आम आमदी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने कहा था कि मैं BJP से पैसे ले रहा हूं। जिस दिन उन्होंने आरोप लगाए, उसी दिन पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह का निधन हो गया। इसलिए हम जवाब में प्रेस कॉन्फ्रेंस नहीं कर पाए।"
उन्होंने कहा, "मैं आज ही आतिशी और संजय सिंह के खिलाफ आपराधिक और दीवानी मानहानि का मामला दायर करूंगा। मैं उनसे कहूंगा कि वे मुझे 10 करोड़ रुपये दें। इसमें से पांच करोड़ रुपये मैं यमुना की सफाई के लिए और दिल्ली में प्रदूषण के मुद्दे पर पांच करोड़ रुपये दान करूंगा।" दीक्षित ने कहा, "बहुत आसान है कि पैसा लिया है। ये लोग 13 साल से कुछ साबित नहीं कर पाए।"
उनका कहना था, "पिछले 10-12 वर्षों से केजरीवाल ने कांग्रेस, मुझे और मेरे परिवार को निशाना बनाया। वह (केजरीवाल) शीला दीक्षित जी के खिलाफ 360 पन्नों के सबूत लेकर घूमते थे। भाजपा नेता विजय कुमार मल्होत्रा ने मुझे बताया था कि अरविंद केजरीवाल के मुख्यमंत्री बनने के बाद BJP का एक प्रतिनिधिमंडल उनसे मिला और इस बारे में सबूत मांगे, तो केजरीवाल ने 360 अखबारों की कटिंग दिखाईं। वह पहले व्यक्ति हैं जो सबूत के तौर पर अखबार की कटिंग दिखाते हैं।"