Assembly Elections 2024: चुनाव आयोग ने आज अगली लोकसभा के लिए चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। लोकसभा चुनाव 19 अप्रैल से सात चरण में होंगे। इसके साथ ही चुनाव आयोग ने कुछ राज्यों के विधानसभा चुनाव के लिए तारीख का ऐलान कर दिया है जहां मौजूदा विधानसभा का कार्यकाल समाप्त होने वाला है। जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव होने हैं, उसमें आंध्र प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, सिक्किम और ओडिशा शामिल हैं। इसके अलावा 26 विधानसभा क्षेत्रों पर उपचुनाव भी होने हैं जो 13 राज्यों में स्थित हैं।
किन राज्यों में कब-कब होने हैं चुनाव
अरुणाचल प्रदेश और सिक्किम में 19 अप्रैल को मतदान होंगे। वहीं आंध्र प्रदेश और ओडिशा में 13 मई 2024 को मतदान होंगे। इन सब राज्यों में मतगणना 4 जून को होगी। इसी दिन लोकसभा चुनाव में पड़े मतों की भी गणना होनी है। इसके अलावा बिहार की 6 सीटों, हरियाणा की एक, झारखंड की एक, महाराष्ट्र की एक, त्रिपुरा की एक, यूपी की चार, पश्चिम बंगाल की दो, तेलंगाना की एक,हिमाचल प्रदेश की छह, राजस्थान की एक, कर्नाटक की एक और तमिलनाडु की एक सीट पर उपचुनाव होने हैं। यहां ये उपचुनाव किन सीटों और किस चरण में होंगे, उसकी डिटेल्स दी जा रही है। चरण लोकसभा चुनाव वाला है।
सात चरणों में होंगे लोकसभा चुनाव
अब लोकसभा चुनाव की बात करें तो यह सात चरणों में होगा। पहला चरण 19 अप्रैल, दूसरा चरण 26 अप्रैल, तीसरा चरण 7 मई, चौथा चरण 13 मई, पांचवां चरण 20 मई, छठा चरण 25 मई और सातवां चरण 1 जून को होगा। मतों की गणना 4 जून को है। चुनाव आयोग (EC) की तरफ लोकसभा चुनाव की तारीखों का ऐलान होते ही अब देश भर में आदर्श आचार संहिता (MCC) लागू हो गई है। आम चुनाव के नतीजों का ऐलान होने तक पूरे देश में आदर्श आचार संहिता लागू रहेगी।