Haryana Polls 2024: हरियाणा चुनाव के लिए कांग्रेस ने जारी की चौथी लिस्ट, AAP ने की 19 और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा

Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा की 90 विधानसभा सीटों पर एक चरण में 5 अक्टूबर को मतदान होगा। जबकि मतों की गिनती 8 अक्टूबर को होगी। राज्य में मुख्य मुकाबला 10 साल से सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (CJI) और कांग्रेस के बीच है

अपडेटेड Sep 12, 2024 पर 10:25 AM
Story continues below Advertisement
Haryana Assembly Elections 2024: हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने का आज आखिरी दिन है (REUTERS/File Photo)

Haryana Assembly Elections 2024: कांग्रेस ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार (12 सितंबर) को पांच उम्मीदवारों के नामों की चौथी लिस्ट जारी की। इसके साथ ही घोषित उम्मीदवारों की कुल संख्या 86 हो गई है। कांग्रेस ने अंबाला कैंट से परिमल परी, पानीपत ग्रामीण से सचिन कुंडू, नरवाना (सुरक्षित) से सतबीर दबलैन, रानिया से सर्व मित्र कंबोज और तिगांव से रोहित नागर को चुनाव मैदान में उतारा है। उम्मीदवारों के नामों की यह लिस्ट पार्टी की ओर से 40 उम्मीदवारों के नामों वाली तीसरी सूची घोषित करने के कुछ ही घंटों बाद आई है।

कांग्रेस ने चार सीटों के लिए उम्मीदवारों के नाम घोषित नहीं किए हैं। इससे उन सीटों पर अंतिम समय में तालमेल की संभावना को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। पिछले कुछ दिनों से कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (AAP) के बीच गठबंधन की अटकलें लगाई जा रही थीं। हालांकि अरविंद केजरीवाल की पार्टी ने अब तक 70 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। वैसे, कांग्रेस नेतृत्व की तरफ से आप के साथ गठबंधन की संभावना को आधिकारिक रूप से खारिज नहीं किया गया है।

नामांकन दाखिल करने का आज आखिरी दिन


नामांकन पत्र दाखिल करने का आज यानी 12 सितंबर को आखिरी दिन है। इससे पहले कांग्रेस ने बुधवार को 40 और उम्मीदवार घोषित किए। इनमें प्रमुख नाम पार्टी महासचिव रणदीप सुरजेवाला के बेटे आदित्य सुरजेवाला का है जिन्हें कैथल से टिकट दिया गया है। कांग्रेस ने पंचकूला से पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्र मोहन, हिसार से रामनिवास रारा, बवानी खेड़ा से प्रदीप नरवाल, अंबाला शहर से निर्मल सिंह, ऐलनाबाद से भरत सिंह बेनीवाल और आदमपुर से चंद्र प्रकाश को उम्मीदवार बनाया है। फरीदाबाद से लखन कुमार सिंघला, बल्लभगढ़ से पराग शर्मा, फतेहाबाद से बलवान सिंह दौलतपुरिया और हथीन से मोहमद इसराइल को चुनावी मैदान में उतारा गया है।

AAP की छठी लिस्ट जारी

आम आदमी पार्टी (AAP) ने हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए गुरुवार को अपनी छठी लिस्ट में 19 और उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की। आप ने वरिष्ठ नेता प्रेम गर्ग को पंचकूला से टिकट दिया है। पार्टी ने कालका, अंबाला शहर, मुलाना, शाहाबाद, पिहोवा, गुहला, पानीपत, जींद, फतेहाबाद, ऐलनाबाद, नलवा, लोहारू, बाढड़ा, दादरी, बवानी खेड़ा, कोसली, फरीदाबाद एनआईटी और बढ़कल सीट से भी अपने उम्मीदवारों के नाम घोषित किए।

AAP ने ऐलनाबाद से मनीष अरोड़ा को अपना उम्मीदवार बनाया है। वहीं इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) ने अपने वरिष्ठ नेता अभय सिंह चौटाला को इसी सीट से चुनाव मैदान में उतारा है। पार्टी की ओर से जारी लिस्ट के मुताबिक, ओपी गुज्जर कालका से, वजीर सिंह ढांडा जींद से, कमल बिसला फतेहाबाद से, गीता श्योराण लोहारू से, ओपी वर्मा बड़खल से और हिम्मत यादव कोसली से चुनाव लड़ेंगे।

ये भी पढ़ें- हरियाणा चुनाव: जुलाना में विनेश फोगाट और योगेश बैरागी के बीच कैसा होगा मुकाबला, बन गई है ये हॉट सीट

अरविंद केजरीवाल की अगुवाई वाली पार्टी ने पूर्व में 70 उम्मीदवारों के नामों की घोषणा की थी। बुधवार को आप ने विधानसभा चुनाव के लिए 30 उम्मीदवारों के नाम जारी किए। इसमें जुलाना से पूर्व पहलवान कविता दलाल को कांग्रेस की विनेश फोगाट और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के योगेश बैरागी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतारा गया है।

Akhilesh

Akhilesh

First Published: Sep 12, 2024 10:14 AM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।