Hisar Vidhansabha Savitri Jindal Election Results: हिसार विधानसभा चुनाव के नतीजे आ गए हैं। भारत की सबसे अमीर महिला सावित्री जिंदल ने इस सीट पर जीत दर्ज की है। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस के राम निवास रारा को 20,000 से अधिक वोटों से हराया है। फोर्ब्स के आंकड़ों के अनुसार, सितंबर 2024 तक सावित्री जिंदल की कुल संपत्ति 3.65 लाख करोड़ रुपये थी।
सावित्री जिंदल, जिंदल ग्रुप की एमिरेट्स चेयरपर्सन हैं और दिंवगत उद्योगपति ओपी जिंदल की पत्नी हैं। BJP से टिकट नहीं मिलने पर उन्होंने हरियाणा विधानसभा चुनाव में हिसार से बतौर निर्दलीय उम्मीदवार किस्मत आजमाया। उन्होंने चुनाव के दौरान एक इंटरव्यू में कहा था कि कि वह हिसार की जनता की मांग पर चुनाव लड़ रही हैं और अगर चुनीं जाती है तो वह सदन में उनकी आवाज मजबूती से उठाएंगी।
बतौर निर्दलीय उम्मीदवार चुनाव मैदान में उतरने के सवाल पर 74 वर्षीय सावित्री ने कहा कि यह उनका चुनाव नहीं है बल्कि हिसार की जनता का चुनाव है। बता दें कि सावित्री जिंदल पहले भी 2 बार दो बार हिसार विधानसभा सीट से विधायक रह चुकी है। वह हरियाणा की पूर्व शहरी निकाय मंत्री भी रही हैं। फोर्ब्स इंडिया के मुताबिक सावित्री जिंदल 29.1 अरब अमेरिकी डॉलर की संपत्ति के साथ भारत की सबसे अमीर महिला हैं।
हरियाणा की पूर्व शहरी निकाय मंत्री सावित्री ने कहा कि लोग महसूस करते हैं कि उन्हें सभी मूलभूत सुविधाएं मिलनी चाहिए। सावित्री ने अपना नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद कहा था, ‘‘मैंने हिसार के विकास और बदलाव के लिए सेवा करने का संकल्प लिया है। हिसार की जनता मेरा परिवार है और ओम प्रकाश जिंदल जी ने मेरा रिश्ता मेरे परिवार के साथ स्थापित किया था। जिंदल परिवार ने हमेशा हिसार की सेवा की है। मैं खुद को लोगों की उम्मीद के अनुरूप समर्पित कर दूंगी और उनके विश्वास को बनाए रखूंगी।’’