Haryana Election 2024 Result: हरियाणा में विधानसभा चुनाव के लिए 8 अक्टूबर को जारी मतगणना के शुरुआती रुझान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) 49 सीटों पर आगे है। वहीं कांग्रेस 35 सीटों पर आगे चल रही है। राज्य की 90 विधानसभा सीटों पर सुबह 8 बजे मतगणना शुरू होने के बाद से ही भाजपा और कांग्रेस के बीच कांटे का मुकाबला चल रहा है। शुरुआती रुझानों में कांग्रेस आगे चल रही थी लेकिन फिर बीजेपी ने तेजी से बढ़त बना ली। हरियाणा की 90 सदस्यीय विधानसभा में बहुमत का आंकड़ा 46 है।
इस बीच आम आदमी पार्टी के सारे अरमान धरे के धरे रह गए। चुनाव के लिए हाई वोल्टेज कैंपेन और अरविंद केजरीवाल को "सन ऑफ सॉइल" के रूप में पेश करने के बावजूद पार्टी हरियाणा की किसी भी सीट पर बढ़त नहीं बना सकी है। आम आदमी पार्टी ने दिल्ली और पंजाब की तरह हरियाणा में भी बड़ा दांव खेला था और 88 सीटों पर चुनाव लड़ा था। लेकिन वह सभी 88 सीटों पर पीछे चल रही है।
एग्जिट पोल में भी कहीं नहीं थी AAP
5 अक्टूबर को मतदान के बाद कई एग्जिट पोल में हरियाणा में कांग्रेस की जीत का अनुमान जताया गया था। हालांकि आम आदमी पार्टी के हिस्से में एक भी सीट आने का जिक्र नहीं था। गिरफ्तारी के चलते अरविंद केजरीवाल की गैरमौजूदगी से आम आदमी पार्टी के चुनावी कैंपेन को तगड़ा झटका लगा था। 13 सितंबर को दिल्ली शराब नीति मामले में केजरीवाल के जमानत पर रिहा होने के बाद पार्टी के अभियान में तेजी आई।
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार हरियाणा में 67.90 प्रतिशत मतदान हुआ, जिसमें सिरसा जिले की ऐलनाबाद विधानसभा सीट पर सबसे अधिक 80 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। वर्ष 2019 के विधानसभा चुनावों में राज्य में 68.31 प्रतिशत मतदान हुआ था, जबकि 2024 के लोकसभा चुनावों में 10 सीटों के लिए यह प्रतिशत 64.8 था।
नायब सिंह सैनी लाडवा और भूपेंद्र सिंह हुड्डा गढ़ी सांपला-किलोई सीट से आगे
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी कुरुक्षेत्र जिले में लाडवा सीट से आगे हैं। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा रोहतक में अपनी गढ़ी सांपला-किलोई सीट से आगे हैं। कांग्रेस की विनेश फोगाट जींद की जुलाना सीट से अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी भाजपा के योगेश कुमार से पीछे हैं।