Jammu and Kashmir Assembly Elections: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार (26 अगस्त) को जम्मू-कश्मीर में आगामी विधानसभा चुनाव के लिए 44 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी। बता दें कि जम्मू-कश्मीर में तीन चरणों में मतदान होगा। पहला चरण 18 सितंबर, दूसरा चरण 25 सितंबर और तीसरा चरण 1 अक्टूबर को होगा। जबकि नतीजे 4 अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे। कुल 90 विधानसभा सीटों में से पहले चरण में 24, दूसरे चरण में 26 और तीसरे चरण में 40 सीटों पर मतदान होगा।
भारतीय जनता पार्टी ने राजपोरा से अर्शीद भट, शोपियां से जावेद अहमद कादरी, अनंतनाग पश्चिम से मोहम्मद रफीक वानी को चुनावी मैदान में उतारा है। वहीं, एडवोकेट सैयद वजाहत अनंतनाग से, सुश्री शगुन परिहार किश्तवाड़ से और गजय सिंह राणा डोडा से विधानसभा चुनाव लड़ेंगे।
पहली लिस्ट रविवार 25 अगस्त को हुई बीजेपी केंद्रीय चुनाव समिति की बैठक के बाद जारी की गई। बीजेपी प्रमुख जेपी नड्डा की अध्यक्षता में हुई बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और समिति के अन्य सदस्यों ने हिस्सा लिया।
चुनाव समिति ने आगामी जम्मू-कश्मीर विधानसभा इलेक्शन 2024 के लिए 44 उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दे दी है। 2019 में संविधान के आर्टिकल 370 के प्रावधानों को निरस्त किए जाने और तत्कालीन राज्य को दो केंद्र शासित प्रदेशों में विभाजित किए जाने के बाद से यह घाटी में पहला चुनाव होगा।
BJP ने नेशनल कांफ्रेंस और पीडीपी को किया आगाह
भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने रविवार को कहा कि जम्मू-कश्मीर के राजनीतिक दल अपने हिसाब से चुनावी वादे कर सकते हैं। लेकिन अगर उन्होंने अपने घोषणापत्रों में पत्थरबाजों, आतंकवादियों और पाकिस्तान से धन हासिल करने वालों का समर्थन किया तो केंद्र सरकार कार्रवाई करेगी। बीजेपी के वरिष्ठ नेता रविशंकर प्रसाद ने पार्टी मुख्यालय में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में सवालों का जवाब देते हुए कहा, "वे चुनाव के लिए जो चाहे कहें, देश के हितों के साथ कोई समझौता नहीं किया जाएगा, चाहे वह महबूबा मुफ्ती हों, फारूक अब्दुल्ला हों या उमर अब्दुल्ला हों।"
उन्होंने कहा, "अगर वे अपने घोषणापत्र में पत्थरबाजों, आतंकवादियों और पाकिस्तान से धन लेने वालों का समर्थन करते हैं तो भारत सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। यह बात बिल्कुल स्पष्ट होनी चाहिए।" पूर्व केंद्रीय मंत्री जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव से पहले पीडीपी और नेशनल कांफ्रेंस द्वारा किए गए चुनावी वादों के बारे में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे।
केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में विधानसभा चुनाव के लिए तीन चरण में मतदान होगा। पहले चरण में 18 सितंबर, दूसरे चरण में 25 सितंबर और तीसरे चरण में 1 अक्टूबर को मतदान होगा। वहीं, चुनाव परिणाम चार अक्टूबर को घोषित किए जाएंगे।