"जो रिजेक्टेड... हैं", सीता सोरेन पर कांग्रेस प्रत्याशी इरफान अंसारी की शर्मनाक टिप्पणी, JMM पर भड़की BJP, माफी की मांग तेज

Jharkhand elections 2024: पूर्वी भारत के जनजातीय बहुल राज्य झारखंड में दो चरणों में क्रमश: 13 और 20 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतों की गिनती 23 नवंबर को की जाएगी। भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने आगामी झारखंड विधानसभा चुनाव के लिए सीता सोरेन को जामताड़ा से चुनावी मैदान में उतारा है

अपडेटेड Oct 25, 2024 पर 5:29 PM
Story continues below Advertisement
Jharkhand Chunav 2024: सीता सोरेन ने का कि इरफान अंसारी ने मेरे लिए जो अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है, उसके लिए उन्हें माफी मांगनी होगी

Jharkhand Vidhan Sabha Chunav 2024: झारखंड सरकार में मंत्री और राज्य की जामताड़ा सीट से कांग्रेस के उम्मीदवार इरफान अंसारी इस सीट पर बीजेपी की ओर से प्रत्याशी बनाई गईं झारखंड सीएम हेमंत सोरेन की भाभी सीता सोरेन को लेकर मीडिया से बात करते हुए मर्यादा की सभी सीमाएं लांघ गए। सीता सोरेन ने उनके शर्मनाक बयान पर कड़ी आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा है कि उन्हें अपनी अमर्यादित, फूहड़ भाषा और शब्दों के लिए माफी मांगनी पड़ेगी। इरफान अंसारी से पत्रकारों ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रमुख शिबू सोरेन की बड़ी बहू सीता सोरेन की ओर से मिलने वाली चुनौती के बारे में सवाल किया तो उन्होंने कहा, "वह बॉरो खिलाड़ी हैं। बीजेपी ऐसे लोगों को हाईजैक कर उम्मीदवार बना देती है, जो रिजेक्टेड... हैं।"

सीता सोरेन ने कहा है कि कांग्रेस के प्रत्याशी इरफान अंसारी ने नामांकन के तुरंत बाद मीडिया के सामने मेरे लिए जिस अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है, उसके लिए उन्हें माफी मांगनी होगी। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "कांग्रेस प्रत्याशी इरफान अंसारी ने नामांकन के तुरंत बाद मीडिया के सामने मेरे लिए जो अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया है, उसके लिए उन्हें माफी मांगनी होगी। पहले भी उन्होंने मेरे बारे में व्यक्तिगत बातें बोली हैं, लेकिन इस बार उन्होंने सारी सीमाएं लांघ दी हैं। इरफान जी माफी मांगिए, वरना उग्र विरोध के लिए तैयार रहिए।"

उन्होंने अपने पोस्ट में आगे कहा, "ऐसे सम्मानित पद पर रहकर आपने जिस अमर्यादित शब्द का प्रयोग किया है, उसने पूरे महिला समाज को भयभीत कर दिया है। अगर आप मेरे लिए ऐसे शब्द इस्तेमाल कर सकते हैं, तो गरीब और असहाय महिलाओं पर क्या बीतती होगी? ऐसे नेता जब तक सत्ता में रहेंगे, महिलाएं असुरक्षित रहेंगी। अब इन्हें सत्ता से उखाड़ फेंकने का समय आ गया है। आप महिलाओं को किस नजर से देखते हैं, यह आज जनता के सामने है, और जनता इसका जवाब देगी।"


JMM पर भड़की बीजेपी

भारतीय जनता पार्टी (BJP) के प्रदेश प्रवक्ता प्रदीप सिन्हा ने झारखंड मुक्ति मोर्चा पर हमला करते हुए सोरेन परिवार की छोटी बहू को लेकर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सीता सोरेन कभी झारखंड मुक्ति मोर्चा की नेता हुआ करती थीं। वह सोरेन परिवार की बहू हैं। उनके लिए जिस तरह से अपमानजनक शब्दों का प्रयोग किया गया, क्या इसी तरह का बयान दूसरी बहू कल्पना सोरेन के ऊपर इरफान अंसारी के देने पर JMM चुप रहता?

उन्होंने कहा कि क्या सोरेन परिवार इरफान अंसारी के इस बयान का खंडन करेगा। उन्होंने कहा कि नामांकन के बाद इरफान अंसारी द्वारा दिया गया बयान घोर आपत्तिजनक है। सिन्हा ने कहा कि यह उनकी मानसिकता को भी दर्शाता है। उन्होंने कहा कि उनका बयान औरत और लड़कियों के बारे में उनकी मानसिकता को उजागर करता है। उनके द्वारा कही गई बात सड़क छाप भाषा है। इस तरह की भाषा वही लोग इस्तेमाल करेंगे, जिनके संस्कार इस तरह के हैं।

बीजेपी ने कांग्रेस को बताया 'महिला विरोधी'

सिन्हा ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी मानती है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा को इरफान अंसारी के खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही, चुनाव आयोग को भी इस बयान का संज्ञान लेते हुए उनके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए, ताकि चुनाव के दौरान भाषा की मर्यादा बनी रहे। उन्होंने कहा कि चुनाव में कोई प्रतिपक्ष इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करेगा तो हमारे कार्यकर्ताओं से शालीनता वाली व्यवहार की अपेक्षा भी ना करें। क्योंकि आप अगर किसी को उकसाने की कोशिश करेंगे तो हमारे कार्यकर्ताओं ने चूड़ी नहीं पहन रखी है। इसका जवाब उन्हें सड़क पर भी देंगे जनता के बीच भी देंगे।

प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि चुनाव में उनके चेहरे को एक्सपोज करेंगे कि किस तरह से वे महिला विरोधी हैं। उनकी सोच क्या है। इस मामले में JMM की चुप्पी यह दर्शाती है कि किसी विशेष वर्ग के आने की वजह से उसकी घिग्घी बंध जाती है। कहीं ना कहीं सवाल के घेरे में झारखंड मुक्ति मोर्चा भी है। उसे स्पष्टीकरण देना होगा। सिन्हा ने कहा कि कांग्रेस पार्टी के प्रति अपनी आपत्ति दर्ज कराकर इस भाषा के लिए कहीं ना कहीं संदेश देने की आवश्यकता है कि महिलाओं का सम्मान सुरक्षित रहे। महिलाओं के प्रति जो आदर का भाव समाज में विद्यमान है, उसको अगर कोई धूमिल करने का प्रयास करता है तो उसके खिलाफ सबसे सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

ये भी पढ़ें- Maharashtra Election 2024: आदित्य ठाकरे के खिलाफ एकनाथ शिंदे का बड़ा दांव, वर्ली सीट पर मिलिंद देवड़ा को बनाया उम्मीदवार

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।