Madhya Pradesh Assembly Election 2023: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले के अलग-अलग ग्रामीण क्षेत्रों में चुनावी अधिकारियों ने पिछले 24 घंटों के दौरान 36 लाख रुपये से ज्यादा संदिग्ध नकदी पकड़ी है। बता दें कि राज्य में अगले महीने 17 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनावों के मद्देनजर आदर्श आचार संहिता लागू है। पुलिस उपाधीक्षक (DSP) उमाकांत चौधरी ने बताया कि गौतमपुरा क्षेत्र में 18.55 लाख रुपये, सांवेर क्षेत्र में 12 लाख रुपये, ग्वालू फाटा क्षेत्र में 4 लाख रुपये और बड़गोंदा क्षेत्र में 1.9 लाख रुपये की संदिग्ध नकदी पकड़ी गई है।
उन्होंने बताया कि यह नकदी कारों के जरिए ले जाई जा रही थी। इन वाहनों में सवार लोग नकदी के बारे में चुनावी अमले को संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। DSP ने बताया कि संदिग्ध नकदी के बारे में आयकर विभाग को भी सूचना दे दी गई है और जांच जारी है।
आचार संहिता के बीच इंदौर पहुंचे भारत सरकार के उप निर्वाचन आयुक्त अजय भादू ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि गरबे जैसे धार्मिक आयोजन पर आचार संहिता का कोई प्रभाव नहीं पड़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक आयोजनों पर किसी भी तरह का बैन नहीं रहेगा। चुनाव अधिकारी ने कहा कि बशर्ते ऐसे कार्यक्रमों का राजनीतिक उपयोग नहीं किया जाना चाहिए।
सिविल सर्विस परीक्षा की डेट आगे बढ़ी
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद 30 अक्टूबर से शुरू होकर 4 नवंबर तक चलने वाली वाली राज्य सिविल सेवा मुख्य परीक्षा-2022 दो महीने के लिए आगे बढ़ा दी गई है। अब यह परीक्षा 26 दिसंबर से शुरू होकर 31 दिसंबर तक आयोजित होगी। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) के एक अधिकारी ने पीटीआई को बताया, "निर्वाचन आयोग द्वारा राज्य विधानसभा चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा के मद्देनजर परीक्षा केंद्रों की उपलब्धता और सुरक्षा व्यवस्था की स्थितियों पर विचार के बाद हमने राज्य सिविल सेवा मुख्य परीक्षा-2022 की तारीखों को आगे बढ़ाने का निर्णय किया है।"
उन्होंने बताया कि राज्य सिविल सेवा की प्रारंभिक परीक्षा-2022 में सफल रहे 13,000 उम्मीदवार इसकी मुख्य परीक्षा में शामिल होंगे। अधिकारी ने कहा कि मुख्य परीक्षा आगे बढ़ने से उम्मीदवारों को इसकी तैयारी का अधिक समय मिल सकेगा। निर्वाचन आयोग ने 9 अक्टूबर को राज्य विधानसभा चुनाव का कार्यक्रम घोषित किया था जिसके साथ ही आदर्श आचार संहिता लागू हो गई थी। चुनावी कार्यक्रम के मुताबिक, सूबे की 230 विधानसभा सीट पर 17 नवंबर को मतदान होगा, जबकि मतों की गिनती 3 दिसंबर को होगी।