MP Election 2023: सीएम शिवराज ने राज्य को 53 हजार करोड़ का दिया तोहफा, बोले- 'दुनिया को बचाने का काम सनातन ही करेगा'

MP Election 2023: सीएम ने कहा कि आज की तारीख इतिहास में दर्ज की जाएगी। अकेले आज के दिन 53 हजार करोड़ रुपए के कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में बेटियों के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण कर दिया गया। हमारी 50 प्रतिशत महिलाएं आज महापौर, सरपंच, पार्षद अलग-अलग पदों पर हैं। ये सामाजिक क्रांति है

अपडेटेड Oct 06, 2023 पर 4:29 PM
Story continues below Advertisement
MP Election 2023: सीएम ने कहा कि भारत सहित दुनिया को बचाने का काम हमारा सनातन ही करेगा

Madhya Pradesh Assembly Election 2023: विधानसभा चुनाव के लिए आचार संहिता की आहट से एक-दो दिन पहले मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान (Shivraj Singh Chouhan) ने शुक्रवार को एक ही दिन में 53 हजार करोड़ रुपये की लागत के 14 हजार 375 विकास कामों का भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान राजधानी भोपाल के रविंद्र भवन में इन कामों का राज्य स्तरीय वर्चुअल भूमि पूजन एवं लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश ने हमेशा विकास कार्यों के लिए कर्ज लिया है और राज्य को सामाजिक न्याय देना सरकार का लक्ष्य है। साथ ही सीएम ने कहा कि भारत सहित दुनिया को बचाने का काम हमारा सनातन ही करेगा।

सीएम शिवराज ने राजधानी भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित लगभग 53 हजार करोड़ से अधिक की प्रदेशव्यापी 14 हजार 375 विकास कार्यों के भूमिपूजन एवं लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश अब बीमारू और गरीब नहीं है। मध्य प्रदेश अब समृद्ध और विकसित मध्यप्रदेश है। इसमें सामाजिक न्याय सरकार को देना है। सामाजिक न्याय का मतलब है, जो मध्यप्रदेश के संसाधन है उनका फायदा गरीब को भी मिले।

उन्होंने कहा कि सरकार के कर्ज लेने की बात बार-बार आती है। भारत सरकार कुछ मापदंड तय करती है की कोई राज्य इतना कर्जा ले सकता है। वह कुल सकल घरेलू उत्पादन के 3 या 3.5 फीसदी के आसपास होता है। उससे कई गुना ज्यादा दूसरे राज्यों ने लिया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश ने उतना कर्ज लेकर विकास के कामों पर खर्च किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास का महायज्ञ मध्यप्रदेश में जारी रहेगा और जनता के कल्याण की योजनाएं भी लगातार चलती रहेगी।


'आज की तारीख इतिहास में दर्ज'

चौहान ने कहा कि आज की तारीख इतिहास में दर्ज की जाएगी। अकेले आज के दिन 53 हजार करोड़ रुपए के कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में बेटियों के लिए 35 प्रतिशत आरक्षण कर दिया गया। हमारी 50 प्रतिशत महिलाएं आज महापौर, सरपंच, पार्षद अलग-अलग पदों पर हैं। ये सामाजिक क्रांति है। भोपाल में 600 करोड़ रुपए की लागत से जो ग्लोबल स्किल्स पार्क बनाया है, उसमें काम सीखने वाले बच्चों को रोजगार के अनेक अवसर मिलेंगे। साथ ही प्रदेश में मेडिकल कॉलेजों की संख्या तेजी से बढ़ी है, अब यहां से हजारों डॉक्टर बनकर निकलेंगे।

'हिंदुत्व अद्भुत है...'

इस दौरान सीएम ने भोपाल से सिंगल क्लिक के माध्यम से लाड़ली बहनों के अकाउंट में गैस रिफिल योजना की 219 करोड़ रुपये अनुदान राशि का जारी किया। शिवराज ने कहा कि मैंने आज भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता कर प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना और लाड़ली बहना योजना की 36.62 लाख बहनों को श्रावण मास में गैस सिलेंडर रिफिल 450 रुपये में उपलब्ध कराने हेतु 219 करोड़ की राज्य अनुदान राशि का ट्रांसफर कर सभी बहनों को बधाई दी।

ये भी पढ़ें- MP Election 2023: यशोधरा राजे सिंधिया अब नहीं लड़ेंगी विधानसभा चुनाव, शिवपुरी की जनता को दुखी मन से कहा- 'गुड बाय...'

इसके अलावा सीएम ने सनातन धर्म को लेकर जारी विवाद पर भी बयान दिया। शिवराज ने कहा कि हिंदुत्व अद्भुत है..., भारत के साथ ही पूरी दुनिया को बचाने का अगर कोई काम करेगा, तो हमारा सनातन ही करेगा। भोपाल में हम मानस भवन को बनाने के साथ ही अब गुफा लोक भी बनाएंगे। उन्होंने कहा कि आज भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में सहभागिता कर संत भवन का भूमिपूजन करने के साथ ही विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर जनता को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।