MP Election 2023: महाराज के गढ़ में कांग्रेस ने खेला यह दांव, BJP ने नहीं खोले पत्ते

MP Election 2023: मध्य प्रदेश में 17 नवंबर को विधान सभा के चुनाव होना है। इसके पहले कांग्रेस ने राज्य की विधान सभा सीट के लिए अपने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इसमें 144 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं। कांग्रेस ने ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ में बड़ा दांव खेला है। पार्टी ने 6 बार के विधायक रह चुके केपी सिंह को शिवपुरी से टिकट दिया है

अपडेटेड Oct 16, 2023 पर 2:51 PM
MP Election 2023: कांग्रेस ने 9 अंक को शुभ मानते हुए नवरात्रि के मौके पर सुबह 9 बजे पहली लिस्ट जारी की थी।

MP Election 2023: पांच राज्यों में विधान सभा चुनाव का बिगुल बज चुका है। सभी राजनीतिक दल अपने प्रत्याशियों का भी ऐलान कर रहे हैं। मध्य प्रदेश में पहले बीजेपी ने अपने प्रत्याशियों का ऐलान किया। हालांकि अभी कुछ सीटें रह गई हैं। वहीं कांग्रेस ने भी अपने प्रत्याशियों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। मध्य प्रदेश में काग्रेस और बीजेपी की सीधी टक्कर है। सूबे में कांग्रेस में सत्ता में वापसी के लिए एड़ी चोटी का जोर लगाए हुए हैं। वहीं सत्ता पर काबिज बीजेपी अपनी कुर्सी बचाने की कोशिश में जुटी हुई है। कांग्रेस ने महाराजा ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ में अपने प्रत्याशी मैदान में उतार दिए हैं।

कांग्रेस से बीजेपी में आए ज्योतिरादित्य सिंधिया के गढ़ में कांग्रेस ने सेध लगाने की कोशिश में जुटी हुई है। शिवपुरी विधानसभा सीट से कांग्रेस ने पिछोर विधायक और पूर्व मंत्री केपी सिंह को टिकट देकर सबको चौंका दिया है। शिवपुरी विधानसभा सीट पर प्रदेश की खेल मंत्री और बीजेपी नेता यशोधरा राजे सिंधिया ने इस बार अपने स्वास्थ्य कारणों को लेकर चुनाव लड़ने से इनकार कर दिया है।

शिवपुरी से चुनाव लड़ सकते हैं सिंधिया


मीडिया रिपोर्ट्स में कहा जा रहा है कि शिवपुरी विधानसभा सीट से बीजेपी की टिकट पर ज्योतिरादित्य सिंधिया मैदान में उतर सकते हैं। ऐसे में कांग्रेस ने अपने वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री केपी सिंह को शिवपुरी विधानसभा सीट से प्रत्याशी घोषित कर दिया है। कांग्रेस ने केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया को घेरने की रणनीति बना ली है। राजनीतिक जानकारों का कहना है कि कांग्रेस ने शिवपुरी विधानसभा सीट से एक रणनीति के तहत केपी सिंह को मौका दिया है। वहीं ये भी कहा जा रहा है कि दूसरे कांग्रेसियों के मुकाबले ज्योतिरादित्य सिंधिया के खिलाफ केपी सिंह मजबूत कैंडिडेट साबित हो सकते हैं। हालांकि बीजेपी ने अभी इस सीट पर अपना प्रत्याशी घोषित नहीं किया है।

MP Election 2023: ग्वालियर की डबरा सीट पर रिश्ता वही पार्टी नई, समधी समधन के बीच तीसरी बार होगा मुकाबला

पिछले चुनाव में शिवपुरी से किसी मिली जीत

साल 2018 के चुनाव में शिवपुरी सीट के प्रदर्शन को देखें तो बीजेपी यशोधरा राजे सिंधिया को 84,570 वोट मिले। जबकि कांग्रेस के सिद्धार्थ लाढ़ा के खाते में 55,822 वोट गए। इस तरह से यशोधरा राजे ने यह चुनावी जंग 28,748 मतों के अंतर से जीत लिया। तब के चुनाव में इस सीट पर कुल 2,40,528 वोटर्स थे। जिसमें पुरुष वोटर्स की संख्या 1,27,586 थी तो महिला वोटर्स की संख्या 1,12,933 थी। इसमें कुल 1,62,183 (68.3%) वोटर्स ने वोट डाले।

बीजेपी ने 94 सीटों पर नहीं किया ऐलान

बीजेपी ने अपनी चार लिस्ट में 230 सीटों पर 136 प्रत्याशियों के नाम घोषित किए हैं। अभी 94 प्रत्याशियों के टिकट घोषित किए जाने बाकी हैं। इसमें 67 भाजपा विधायकों के साथ ही बाकी हारी सीटों पर प्रत्याशियों के नाम तय होना बाकी है। कहा जा रहा है कि बीजेपी की पांचवीं लिस्ट जल्द ही आने वाली है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।