MP Election 2023: भारत में जब भी कहीं विधानसभा या लोकसभा चुनाव होते हैं, तो कई अनोखी और दिलचस्प कहानियां सामने आती हैं। खासकर ऐसे उदाहरण तो बहुत हैं, जहां किसी एक ही सीट पर दो रिश्तेदारों के बीच मुकाबला देखने को मिलता। एक ऐसी ही सीट मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh) के ग्वालियर क्षेत्र (Gwalior Region) की भी है, जहां समधी और समधन एक दूसरे के खिलाफ चुनावी मैदान में उतरते हैं। ये सीट है डबरा। इसका सियासी किस्सा भी बड़ा ही मजेदार है। डबरा विधानसभा क्षेत्र अनुसूचित जाति (SC) के उम्मीदवारों के लिए आरक्षित है।
आगे बढ़ने से पहले बता दें कि डबरा सीट को कांग्रेस का गढ़ माना जाता है। यहां से भारतीय जनता पार्टी ने पूर्व विधायक और मंत्री इमरती देवी को मैदान में उतारा है। जबकि कांग्रेस ने यहां से सुरेश राजे अपना उम्मीदवार बना कर इमरती के सामने उतारा है।
दिलचस्प ये है कि इमरती देवी और सुरेश राजे रिश्ते में समधी और समधन लगते हैं। क्योंकि इमरती के भाई की बेटी की शादी सुरेश राजे के बड़े भाई के बेटे से हुई है। इस रिश्ते से वो आपस में समधी और समधन कहलाते हैं।
अब आते हैं राजनीतिक संबंधों पर, तो बता दें कि अब से करीब पांच साल पहले इमरती देवी ही सुरेश राजे को कांग्रेस में लेकर आई थीं। इस बार समधी और समधन के बीच लगातार तीसरी बार मुकाबला देखने को मिलेगा।
दोनों के बीच साल 2013 से चुनावी मुकाबला होता आया है। 2013 के विधानसभा चुनाव में इमरती देवी को कांग्रेस ने डबरा से मैदान में उतारा था। जबकि सुरेश राजे बीजेपी के टिकट पर चुनाव लड़ रहे थे। तब इमरती ने सुरेश को 32,000 वोटों से हरा दिया था।
इमरती देवी केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया खेमे की नेता हैं। इसलिए 2020 में जब सिंधिया कांग्रेस छोड़ बीजेपी में आए, तो इमरती देवी ने भी उनके साथ पार्टी बदली और डबरा में उपचुनाव हुआ। 2018 में ही इमरती के विधायक रहते हुए सुरेश राजे BJP से कांग्रेस में शामिल हो चुके थे।
उपचुनाव में तब बीजेपी ने इमरती देवी को अपना उम्मीदवार बनाया, तो कांग्रेस ने उनके खिलाफ सुरेश राजे को ही मैदान में उतारा। समधी और समधन के बीच ये दूसरा मुकाबला था। इस चुनाव में समधी सुरेश राजे ने अपनी समधन इमरती देवी को हारा दिया था।
साल 2008, 2013 और 2018 के चुनाव में इमरती देवी कांग्रेस के टिकट पर यहां से तीन बार विधायक चुनी गईं, लेकिन बीजेपी के टिकट पर उन्हें हार का सामना करना पड़ा। वहीं उपचुनाव की जीत और सीट पर कांग्रेस की पकड़ को देखते हुए, सुरेश राजे इस बार भी जीत का दावा करते दिख रहे हैं।
सीडी कांड के बाद चर्चा में आए थे सुरेश राजे
सुरेश राजे डबरा के रामगढ़ के रहने वाले हैं। वे पेशे से किसान और व्यापारी हैं। गल्ला और सब्जी मंडी में उनका अपना कारोबार भी है। कुछ ही दिनों पहले सुरेश राजे एक सीडी कांड के बाद काफी चर्चा में आए थे। उनकी एक अश्लील सीडी सोशल मीडिया में वायरल हुई थी।
इसमें दावा किया गया था कि वह एक युवक के साथ आपत्तिजनक स्थिति में नजर आए थे। इस घटना के लिए उन्होंने पूर्व मंत्री इमरती देवी को जिम्मेदार ठहराया था। उन्होंने इसकी शिकायत एसपी ग्वालियर से भी की थी। इस मामले में कांग्रेस एकजुटता से उनके पीछे खड़ी दिखाई दी थी।