मध्य प्रदेश में विधानसभा चुनावों (MP Assembly Elections) की तारीख काफी नजदीक आ गई है। 17 नवंबर को राज्य की 230 सीटों पर वोटिंग होगी। कांग्रेस और भाजपा में कांटे की टक्कर दिख रही है। इस बीच छिंदवाड़ा की रैली में काग्रेस के सीनियर नेता और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शिवराज सिंह चौहान की भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए। कमलनाथ मध्य प्रदेश में कांग्रेस की राज्य इकाई के अध्यक्ष भी हैं। उन्होंने कहा कि इस राज्य में हर व्यक्ति भ्रष्टाचार का शिकार है या इसका गवाह है। उन्होंने चौहान की नीयत पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें चुनावों से सिर्फ पांच महीने पहले महिलाओं के हितों की याद क्यों आई। उनका इशारा चौहान की 'लाडली बहना' योजना की तरफ था। इस योजना के तहत सरकार हर महीने महिलाओं 1,250 रुपये की रकम मिलती है। सीएनएन-न्यूज 18 ने कमलनाथ से बातचीत में चुनाव और इसके संभावित नतीजों के बारे में कई सवाल पूछे।
भाजपा मुख्यमंत्री उम्मीदवार का नाम नहीं बता रही
इस बार के विधानसभा चुनानों के मुख्य मुद्दों के बारे में पूछने पर कमलनाथ ने कहा कि भ्रष्टाचार, बेरोजगारी और किसानों की समस्याएं सबसे बड़े मसले हैं। उन्होंने कहा कि इस बार राज्य की जनता कांग्रेस की सरकार चाहती है। मतदाता कांग्रेस को वोट देकर उन्हें मुख्यमंत्री बनाना चाहते हैं। जनता बेहतर भविष्य चाहती है। भाजपा का कहना है कि एमपी के मन में मोदी हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्य में छह रैलियां की हैं। इसके जवाब में कमलनाथ ने कहा कि नरेंद्र मोदी मुख्यमंत्री बनने के लिए चुनाव नहीं लड़ रहे हैं। दरअसल, BJP मुख्यमंत्री उम्मीदवार के रूप में चौहान का नाम लेने से बच रही है। मुझे नहीं पता कि इसकी क्या वजह है। उन्हें कम से कम मुख्यमंत्री के नाम का ऐलान तो करना चाहिए।
चौहान को क्यों देर से महिलाओं की याद आई
कमलनाथ ने यह पूछने पर कि अमित शाह क्यों उन्हें 'करप्शन नाथ' कहते हैं, उन्होंने कहा कि हर चीज पारदर्शी है। मेरी सरकार के 15 महीनों को लोगों ने देखा है। वे जानते हैं कि हकीकत क्या है। हमने अपनी नीति और नीयत का परिचय दिया है। मुख्यमंत्री बनने के बाद मैंने राज्य के 27 लाख किसानों का एग्री लोन माफ किया। उन्होंने कहा कि मैंने इस साल की शुरुआत में महिलाों को हर महीने 1500 रुपये देने का ऐलान किया था। इसके जवाब में चौहान ने प्रतिमाह 1000 रुपये की स्कीम शुरू की। लेकिन, भाजपा सरकार को 18 साल महिलाओं की क्यों याद आई।
इस बार भाजपा-कांग्रेस में कांटे का मुकाबला
कमलनाथ ने कहा कि चुनाव नजदीक आते ही राज्य की महिलाएं भाजपा सरकार के लिए लाडली बन गईं। क्या इससे पहले बहने लाडली नहीं थीं? एमपी की जनता इन सब बातों को अच्छी तरह से समझती हैं। उन्हें पता है कि चुनाव के लिए वादों का मतलब क्या होता है। मध्य प्रदेश में 2018 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस को ज्यादा सीटे मिली थीं। लेकिन, 2020 में ज्योतिरादित्य सिंधिया के भाजाप का दामन थाम लेने की वजह से कांग्रेस की कमलनाथ की सरकार गिर गई थी।