Maharashtra Election Results: सीएम एकनाथ शिंदे ने दिया इस्तीफा, कौन होगा महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री?

Maharashtra Election Results 2024: राज्यपाल ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को फिलहाल कार्यवाहक मुख्यमंत्री के तौर पर सेवाएं देने को कहा है। महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा इस संबंध में असमंजस की स्थिति अभी भी बनी हुई है। सत्तारूढ़ महायुति इस बात पर आम सहमति नहीं बना पाई है कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा

अपडेटेड Nov 26, 2024 पर 12:41 PM
Story continues below Advertisement
Maharashtra Election Results: महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है

Maharashtra Election Results 2024: महाराष्ट्र के निवर्तमान मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद राज्यपाल सी पी राधाकृष्णन से मंगलवार (26 नवंबर) सुबह मुलाकात कर उन्हें अपना इस्तीफा सौंप दिया। राज्यपाल ने शिंदे को नए मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण तक कार्यवाहक मुख्यमंत्री के रूप में सेवाएं देने को कहा है। शिंदे उपमुख्यमंत्रियों देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार के साथ राजभवन पहुंचे। महाराष्ट्र विधानसभा का कार्यकाल 26 नवंबर को समाप्त हो रहा है।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में BJP, शिवसेना और एनसीपी का 'महायुति' गठबंधन विजयी हुआ है। भारतीय जनता पार्टी (BJP), शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के 'महायुति' गठबंधन ने 288 सदस्यीय विधानसभा में 230 सीट जीतकर शानदार जीत हासिल की है। लेकिन सत्तारूढ़ गठबंधन के नेताओं में अभी तक इस बात पर सहमति नहीं बन पाई है कि अगला मुख्यमंत्री कौन होना चाहिए। विपक्षी महाविकास आघाड़ी (MVA) को सिर्फ 46 सीटें मिलीं।

कौन होगा अगला सीएम?


महाराष्ट्र का अगला मुख्यमंत्री कौन होगा इस संबंध में असमंजस की स्थिति अभी भी बनी हुई है। दो दिन पहले ही सत्तारूढ़ महायुति ने विधानसभा चुनाव में भारी जीत हासिल कर कांग्रेस नीत महा विकास आघाड़ी (MVA) के सत्ता हासिल करने के सपने को चकनाचूर कर दिया था। सूत्रों ने बताया कि महाराष्ट्र में नई सरकार के गठन में शिवसेना के इस बात पर जोर देने के कारण विलंब हो रहा है कि एकनाथ शिंदे ही मुख्यमंत्री बने रहें।

सूत्रों ने बताया कि 20 नवंबर को हुए चुनाव के नतीजे शनिवार को आने के बाद ऐसी चर्चा थी कि नए मुख्यमंत्री को सोमवार तक शपथ दिलाई जा सकती है। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। सत्तारूढ़ महायुति इस बात पर आम सहमति नहीं बना पाई कि अगला मुख्यमंत्री कौन होगा।

शिवसेना ने 'बिहार मॉडल' का दिया हवाला

शिवसेना प्रवक्ता नरेश म्हस्के ने 'बिहार मॉडल' का हवाला देते हुए कहा कि एकनाथ शिंदे को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री के रूप में बने रहना चाहिए। हालांकि, BJP नेता प्रवीण दरेकर ने मुख्यमंत्री पद के लिए देवेंद्र फडणवीस की वकालत करते हुए कहा कि वह राज्य का नेतृत्व करने के लिए सबसे सक्षम उम्मीदवार हैं।

फडणवीस के तीसरी बार मुख्यमंत्री बनने की चर्चा के बीच, शिवसेना के विभिन्न नेताओं ने बयान दिया कि शिंदे को पद पर बने रहना चाहिए, क्योंकि मुख्यमंत्री के रूप में भारी जीत उनके नेतृत्व में ही मिली है।

म्हस्के ने कहा कि शिंदे को मुख्यमंत्री के रूप में बने रहना चाहिए। लोकसभा सदस्य ने पीटीआई से कहा, "हमें लगता है कि शिंदे को मुख्यमंत्री बने रहना चाहिए, ठीक वैसे ही जैसे बिहार में भाजपा ने संख्याबल पर ध्यान नहीं दिया और JDU नेता नीतीश कुमार को मुख्यमंत्री बनाया। महायुति (महाराष्ट्र में) के वरिष्ठ नेता अंतिम फैसला लेंगे।"

म्हस्के ने महाराष्ट्र की स्थिति की तुलना हरियाणा से की, जहां BJP ने हाल में नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में विधानसभा चुनाव लड़ा था। उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र में चुनाव शिंदे, फडणवीस और अजित पवार के नेतृत्व में लड़ा गया था। यह दर्शाता है कि गठबंधन के नेतृत्व का सम्मान किया जाना चाहिए।"

रविवार को निवर्तमान सरकार में मंत्री दीपक केसरकर ने एकनाथ शिंदे से मुंबई में उनके आवास पर मुलाकात की थी और उनके मुख्यमंत्री पद पर बने रहने की वकालत की थी। BJP नेता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री रावसाहेब दानवे ने कहा कि पार्टी जल्द ही अपने विधायकों की बैठक करेगी।

उन्होंने कहा कि पार्टी की आंतरिक चर्चा के बाद अंतिम निर्णय के बारे में केंद्रीय नेतृत्व को सूचित किया जाएगा। फडणवीस ने शनिवार को मुख्यमंत्री पद को लेकर किसी भी विवाद से इनकार करते हुए कहा था कि महायुति के नेता मिलकर इस मुद्दे पर फैसला करेंगे। इस बीच, विधानमंडल के एक अधिकारी ने उन खबरों को खारिज कर दिया कि यदि 26 नवंबर तक नई सरकार नहीं बनी, तो राष्ट्रपति शासन लागू हो सकता है।

ये भी पढ़ें- Bangladesh: बांग्लादेश में गिरफ्तार चिन्मय कृष्ण दास की तत्काल रिहाई की मांग, इस्कॉन ने भारत सरकार से भी मांगी मदद

26 नवंबर को 14वीं राज्य विधानसभा का कार्यकाल समाप्त हो रहा है। एक अधिकारी ने बताया कि वास्तव में, भारत के निर्वाचन आयोग के अधिकारियों द्वारा रविवार को महाराष्ट्र के राज्यपाल सी.पी. राधाकृष्णन को राज्य विधानसभा के नव-निर्वाचित सदस्यों के नामों के साथ राजपत्र की प्रतियां सौंपे जाने के साथ ही 15वीं विधानसभा पहले ही अस्तित्व में आ चुकी है।

Akhilesh

Akhilesh

First Published: Nov 26, 2024 12:37 PM

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।