Maharashtra Election 2024: महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख नजदीक आ रही है। विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र दाखिल करने की समय सीमा मंगलवार यानी 29 अक्टूबर को समाप्त हो रही है। 28 अक्टूबर तक सभी पार्टियों के उम्मीदवारों द्वारा दाखिल हलफनामों की जांच से पता चला है कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) के मालाबार हिल के उम्मीदवार मंगल प्रभात लोढ़ा महाराष्ट्र के सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। महाराष्ट्र में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 20 नवंबर को होना है और मतगणना 23 नवंबर को होनी है। राज्य विधानसभा में कुल 288 सीटें हैं।
लोढ़ा की कुल संपत्ति कितनी है? (What is Mangal Prabhat Lodha net worth)
विधानसभा चुनाव के लिए दाखिल हलफनामे के अनुसार, मंगल प्रभात लोढ़ा के पास कुल 447 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति है, जबकि 2019 में यह 441.65 करोड़ रुपये थी। उनके पास 218 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति और 228 करोड़ रुपये की चल संपत्ति है। लोढ़ा ने 1980 में मुंबई में डेवलपर लोढ़ा ग्रुप (Lodha Group) की स्थापना की, जिसे अब मैक्रोटेक डेवलपर्स (Macrotech Developers) के नाम से जाना जाता है।
फोर्ब्स के अनुसार, मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले लोढ़ा ने मुंबई के दूर-दराज के उपनगरों में मध्यम वर्ग के घर बनाकर शुरुआत की। लोढ़ा के अलावा महाराष्ट्र विधानसभा स्पीकर और कोलाबा सीट से बीजेपी उम्मीदवार राहुल नार्वेकर 129.80 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति के साथ तीसरे सबसे अमीर उम्मीदवार बनकर उभरे हैं। उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस सातवें सबसे अमीर उम्मीदवार हैं। फडणवीस ने अपने चुनावी हलफनामे में लगभग 5.2 करोड़ रुपये की कुल संपत्ति घोषित की थी।
विभिन्न पार्टियों के अन्य अमीर उम्मीदवारों की लिस्ट
- प्रताप सरनाईक (शिवसेना): 333.32 करोड़ रुपये (ओवला माजीवाड़ा सीट से उम्मीदवार)
- राहुल नार्वेकर (BJP): 129.80 करोड़ रुपये (कोलाबा सीट से प्रत्याशी)
- सुभाष भोईर (शिवसेना-UBT): 95.51 करोड़ रुपये (कल्याण ग्रामीण सीट से उम्मीदवार)
- जितेंद्र अवहाद (NCP-शरद पवार गुट): 83.14 करोड़ रुपये (मुंब्रा-कलवा सीट से प्रत्याशी)
- नजीब मुल्ला (NCP): 76.87 करोड़ रुपये (मुंब्रा-कलवा सीट से प्रत्याशी)
- देवेंद्र फडणवीस (BJP): 13.27 करोड़ रुपये (नागपुर दक्षिण पश्चिम से उम्मीदवार)
- आशीष शेलार (BJP): 40.47 करोड़ रुपये (बांद्रा पश्चिम से प्रत्याशी)
- राजू पाटिल (MNS): 24.79 करोड़ रुपये (कल्याण ग्रामीण से कैंडिडेट)
- आदित्य ठाकरे (शिवसेना-UBT): 23.43 करोड़ रुपये (वर्ली सीट से उम्मीदवार)