महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024: क्या अमित ठाकरे ‘शिवसेना के गढ़’ माहिम में सेंध लगा पाएंगे?

Maharashtra Election 2024: सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन में शिवसेना की सहयोगी होने के बावजूद बीजेपी ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) उम्मीदवार का समर्थन करने की इच्छा जताई है। सूत्रों के अनुसार, सरवणकर को चुनावी मैदान से हटने के लिए मनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। माहिम विधानसभा शहर के बीच स्थित है, जो प्रभादेवी में सेंचुरी बाजार से माहिम कोलीवाड़ा तक फैला हुआ है

अपडेटेड Nov 02, 2024 पर 10:38 PM
Story continues below Advertisement
महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव 2024: क्या अमित ठाकरे ‘शिवसेना के गढ़’ माहिम में सेंध लगा पाएंगे?

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव मुंबई के माहिम निर्वाचन क्षेत्र में शिवसेना के वर्चस्व का परीक्षण होगा, जहां MNS प्रमुख राज ठाकरे के बेटे अमित ठाकरे चुनावी शुरुआत कर रहे हैं। BJP ने त्रिकोणीय मुकाबले को और जटिल बना दिया है, जिसमें अमित ठाकरे, शिवसेना के मौजूदा विधायक सदा सरवणकर और प्रतिद्वंद्वी शिवसेना (यूबीटी) की ओर से महेश सावंत मैदान में हैं। सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन में शिवसेना की सहयोगी होने के बावजूद बीजेपी ने महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (MNS) उम्मीदवार का समर्थन करने की इच्छा जताई है। सूत्रों के अनुसार, सरवणकर को चुनावी मैदान से हटने के लिए मनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

माहिम विधानसभा शहर के बीच स्थित है, जो प्रभादेवी में सेंचुरी बाजार से माहिम कोलीवाड़ा तक फैला हुआ है। इसी इलाके में अविभाजित शिवसेना (1966) और फिर 2006 में MNS की स्थापना हुई थी।

कई प्रसिद्ध स्थल इस इलाके में


इस क्षेत्र में सिद्धिविनायक मंदिर, पुर्तगाली चर्च, माहिम चर्च, सिटीलाइट सिनेमा, माहिम दरगाह और शिवसेना (UBT) का मुख्यालय जैसे स्थल भी हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र में सवर्ण मतदाताओं की संख्या ज्यादा है, जो पारंपरिक रूप से कांग्रेस के विरोधी रहे हैं।

इस संबंध में एक राजनीतिक पर्यवेक्षक ने कहा कि हालांकि माहिम में मतदाता अतीत में ज्यादातर अविभाजित शिवसेना के पक्ष में रहे हैं, लेकिन महा विकास आघाडी (MVA) के घटक के रूप में कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के उद्धव ठाकरे गुट के फैसले ने उस समीकरण को बिगाड़ दिया है।

साल 2009 के विधानसभा चुनाव में MNS के नितिन सरदेसाई ने माहिम से 48,734 मतों से जीत हासिल की थी। पार्टी के संदीप देशपांडे को 2014 में 42,690 वोट मिले और वह सरवणकर से हार गए। सरदेसाई 2019 में सरवणकर से हार गए, लेकिन उन्हें 40,350 वोट मिले।

अमित ठाकरे को BJP का मौन समर्थन

इस संबंध में एक पर्यवेक्षक ने कहा कि संख्याएं अमित ठाकरे के लिए कम से कम 30,000 मतदाताओं के समर्थन आधार की ओर इशारा करती हैं, जिन्हें BJP के मौन समर्थन को देखते हुए फायदा हो सकता है।

उन्होंने कहा कि इसके अलावा मराठी भाषी आबादी के प्रभुत्व वाले इस निर्वाचन क्षेत्र में शिवसेना (यूबीटी) के खिलाफ नाराजगी है।

इस पृष्ठभूमि में, 32 साल के अमित ठाकरे को यहां MNS की जीत की कहानी लिखने का मौका मिल सकता है, क्योंकि बाल ठाकरे द्वारा स्थापित पार्टी में 2022 में हुई तीखी फूट के बाद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाले संगठन के पास कोई मजबूत आधार नहीं है।

उन्होंने कहा कि आज की शिवसेना माहिम में भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर निर्भर है।

सरवणकर पर नाम वापस लेने का दबाव

सूत्रों ने कहा कि सरवणकर पर चुनावी दौड़ से हटने का जबरदस्त दबाव है, लेकिन वह अभी तक इससे प्रभावित नहीं हुए हैं। नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 4 नवंबर है।

इस संबंध में एक अन्य पर्यवेक्षक ने कहा कि MNS को भाजपा के समर्थन का पड़ोसी निर्वाचन क्षेत्रों वर्ली और शिवड़ी में भी व्यापक प्रभाव पड़ सकता है। वर्ली में मौजूदा विधायक और शिवसेना (यूबीटी) के पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे तथा शिवसेना के मिलिंद देवड़ा के बीच लड़ाई है।

राजनीतिक पर्यवेक्षक ने कहा कि भाजपा का कदम MNS समर्थकों को वर्ली में देवड़ा का समर्थन करने के लिए प्रेरित कर सकता है क्योंकि वे जानते हैं कि उनके उम्मीदवार संदीप देशपांडे आदित्य ठाकरे को हराने में सक्षम नहीं होंगे।

उन्होंने कहा कि शिवड़ी में MNS के बाला नंदगांवकर को भाजपा समर्थकों के वोट मिल सकते हैं, जिससे वह शिवसेना (यूबीटी) के उम्मीदवार अजय चौधरी कड़ी चुनौती दे सकते हैं। चौधरी को शिवसेना के पारंपरिक मतदाताओं की नाराजगी का भी सामना करना पड़ सकता है।

यहां कितने हैं वोटर?

माहिम में 2,25,373 मतदाता हैं जिनमें 1,12,638 पुरुष, 1,12,657 महिलाएं और थर्ड जेंडर के 78 मतदाता हैं।

राज ठाकरे भी माहिम विधानसभा क्षेत्र के रहने वाले हैं। इस सीट पर कांग्रेस के पास कुछ वोट हैं। MNS प्रमुख ने 2019 के लोकसभा चुनाव के दौरान भाजपा के खिलाफ प्रचार किया था, लेकिन बाद में उन्होंने अपना रुख बदल लिया था।

माहिम में कांग्रेस को भी कुछ समर्थन प्राप्त है। इसके उम्मीदवार प्रवीण नाइक को 2019 में 15,246 वोट मिले थे।

MNS के पूर्व विधायक नितिन सरदेसाई ने कहा कि यह केवल मीडिया है जो अमित ठाकरे के लिए भाजपा के समर्थन की बात करता रहता है। उन्होंने कहा, ‘‘हमारे साथ कोई आधिकारिक संपर्क नहीं हुआ है। हम बड़े पैमाने पर प्रचार कर रहे हैं और हमें बहुत अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।’’

राज्य की 288 सदस्यीय विधानसभा के लिए चुनाव 20 नवंबर को होगा और मतों की गिनती 23 नवंबर को होगी।

Maharashtra: डिप्टी CM देवेंद्र फडणवीस की जान को खतरा! खुफिया विभाग ने किया अलर्ट, बढ़ाई गई सुरक्षा

 

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।