Mizoram Assembly 2023: देश के सबसे उम्रदराज मुख्यमंत्री जोरामथंगा (Zoramthanga) मिजोरम में अपनी सत्ता वापसी को लेकर बढ़-चढ़कर दावे कर रहे हैं। इस राज्य में मुख्य लड़ाई अब तक मुख्यमंत्री जोरामथंगा की पार्टी मिजोरम नेशनल फ्रंट (MNF) और कांग्रेस के बीच रही है। एक और क्षेत्रीय पार्टी मिजोरम पीपुल्स कांफ्रेंस भी यहां काफी दमदार स्थिति में है लेकिन उसने आखिरी बार 1979-1984 में सरकार चलाई थी, जब यह पूर्ण राज्य नहीं था। मिजोरम 1987 में पूर्ण राज्य बना था। अब एक बार फिर इस पूर्वी राज्य में चुनावी गर्मी बढ़ रही है तो कांग्रेस की लगातार दो बार बन चुकी सरकार को पस्त कर 2018 में सत्ता में आए जोरामथंगा का कहना है कि इस बार भी कांग्रेस सत्ता में नहीं आ पाएगी। वहीं यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या राहुल गांधी की पदयात्रा कांग्रेस को वापस सत्ता में ला पाएगी।
क्या हैं दावे और प्रचार की तैयारियां
जब से मिजोरम पूर्ण राज्य बना है, यहां मिजोरम पीपुल्स कांफ्रेस (MPC) की सरकार नहीं बनी है और सत्ता की लड़ाई MNF और कांग्रेस के बीच रही है। हालांकि इस बार जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) नई चुनौती के रूप में सामने आई है। इस साल हुए लुंगलेई नगरपालिका चुनावों में ZPM ने 49 फीसदी वोट हासिल किए और यह राज्य की दूसरी सबसे बड़ा नगरपालिका बन गई। वहीं 29.4 फीसदी वोट के साथ MNF दूसरे और 20 फीसदी वोट के साथ कांग्रेस तीसरे स्थान पर रही। इसके अलावा ZPM की बात करें तो 2018 के पिछले विधानसभा चुनाव में इसे 22.9 फीसदी वोट के साथ आठ सीटे और शहरी इलाकों में इसे अच्छा-खासा समर्थन मिला। यह एक नए पॉलिटिकल सिस्टम की वकालत कर रही है और इसी वादे के साथ यह MNF और कांग्रेस को कड़ी टक्कर दे रही है।
वहीं मिजोरम के 80 वर्षीय मुख्यमंत्री जोरामथंगा का दावा है कि वह सत्ता में फिर से वापसी करेंगे। वह आने वाले विधानसभा चुनाव की तैयारियों में काफी व्यस्त हैं। अब कांग्रेस की बात करें तो राहुल गांधी ने X पर मिजोरम की राजधानी आइजोल के समीप स्थित चानमारी से राजभवन पदयात्रा का वीडियो ट्वीट किया है।
Mizoram Assembly Election 2023 की डेटलाइन
मिजोरम में एक चरण में ही 7 नवंबर को मतदान होगा। फिर उसके अगले महीने 3 दिसंबर को नतीजे आएंगे। मिजोरम विधानसभा की साइट पर मौजूद डिटेल्स के मुताबिक यहां कोई जोर-जबरदस्ती और बूथ कैप्चरिंग नहीं हुई है यानी चुनाव हमेशा शांतिपूर्वक निपटे हैं। कांग्रेस ने 40 विधानसभा सीटों में से 39 सीटों के लिए उम्मीदवार तय कर दिए हैं और सिर्फ लुंगलेई साउथ सीट के लिए प्रत्याशी तय नहीं है। MNF करीब दो हफ्ते पहले ही सभी सीटों के लिए उम्मीदवार तय कर चुकी है।