Mizoram Assembly Elections 2023: भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने 7 नवंबर को होने वाले मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए 9 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी कर दी है। मिजोरम में 7 नवंबर को विधानसभा चुनाव होगा और मतगणना 3 दिसंबर को होगी। इससे पहले ने भगवा पार्टी ने बुधवार सुबह मिजोरम की 12 विधानसभा सीटों के लिए अपने उम्मीदवारों के नाम जारी किए। वहीं, एक अलग अधिसूचना में BJP ने भावना बोहरा को छत्तीसगढ़ की पंडरिया विधानसभा सीट से अपना उम्मीदवार बनाया है, जहां 7 और 17 नवंबर को दो चरणों में मतदान होगा।
मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए बीजेपी की सूची के अनुसार, आर लालबियाक्तलुआंगी लुंगलेई पश्चिम सीट से, शांति विकास चकमा थोरंग सीट से, मालसावमत्लुआंगा हाचेक सीट से और वनलालहुमुआका डंपा सीट से चुनाव लड़ेंगे। बीजेपी की केंद्रीय चुनाव समिति ने मिजोरम और छत्तीसगढ़ विधानसभा चुनावों के लिए उम्मीदवारों के नामों को मंजूरी दे दी। इस समिति में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल हैं।
सत्तारूढ़ मिजो नेशनल फ्रंट और मुख्य विपक्षी दल जोराम पीपुल्स मूवमेंट पहले ही सभी 40 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर चुके हैं। मिजोरम की सभी 40 विधानसभा सीटों के लिए 7 नवंबर को मतदान होगा और 3 दिसंबर को मतगणना होगी। पिछले विधानसभा चुनाव में मिजो नेशनल फ्रंट ने 26 सीटें जीती थीं तो जोराम पीपुल्स मूवमेंट को 8 और कांग्रेस को 5 सीटें हासिल हुई थीं।
कांग्रेस ने घोषित किए 40 उम्मीदवार
कांग्रेस ने मिजोरम विधानसभा चुनाव के लिए सोमवार को सभी 40 सीटों पर अपने उम्मीदवार घोषित कर दिए। इनमें पार्टी की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष ललसावता का नाम भी शामिल है। पार्टी की ओर से पहले 39 उम्मीदवारों की लिस्ट जारी की गई और फिर देर शाम शेष बची एक सीट पर भी उम्मीदवार घोषित कर दिया गया। उम्मीदवारों की लिस्ट उस दिन जारी की गई, जब कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी मिजोरम के दौरे पर थे।
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ललसावता को आइजोल पश्चिम-3 विधानसभा क्षेत्र से टिकट दिया गया है। आइजोल पूर्व-1 से ललसंगलरा रातले, आइजोल पश्चिम-1 से आर. ललबियाकथांगा और पलाक से आईपी जूनियर को उम्मीदवार बनाया गया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के प्रमुख ललरेमरुता रेंथलेई ने बताया कि पार्टी उम्मीदवारों की सूची मंगलवार को प्रदेश कांग्रेस के कार्यालय में औपचारिक रूप घोषित की जाएगी। उम्मीदवारों की इस सूची में चार मौजूदा विधायकों के नाम शामिल हैं।