Mizoram Assembly Elections 2023: कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने मंगलवार को मिजोरम की राजधानी आइजोल में एक स्कूटर टैक्सी पर सवारी की। मिजोरम के दो दिवसीय चुनावी दौरे के दूसरे दन राहुल गांधी ने कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री ललथनहवला से जरकावत क्षेत्र में उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने लुंगलेई एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य के लोगों को उन लोगों को वोट नहीं देना चाहिए जो उनकी संस्कृति, धर्म और परंपरा को नुकसान पहुंचाएंगे। गांधी ने आरोप लगाया कि मिजोरम की दोनों प्रमुख पार्टियां मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) और विपक्षी जोरम पीपुल्स मूवमेंट (ZPM) का इस्तेमाल भारतीय जनता पार्टी (BJP) ईसाई बहुल राज्य में पैर जमाने के लिए कर रही है।
उन्होंने कहा कि यदि कांग्रेस मिजोरम में सत्ता में आती है तो बुजुर्गों को 2,000 रुपये प्रतिमाह पेंशन, 750 रुपये में गैस सिलेंडर और उद्यमियों को समर्थन देगी। पार्टी उम्मीदवारों के प्रचार के लिए चुनावी राज्य मिजोरम की यात्रा के दौरान राजधानी आइजोल में राहुल गांधी ने पत्रकारों से कहा कि विपक्षी गठबंधन अपने मूल्यों, संवैधानिक ढांचे और धर्म या संस्कृति से परे लोगों की खुद को अभिव्यक्त करने और सद्भाव से रहने की स्वतंत्रता को संरक्षित कर भारत की अवधारणा की रक्षा करेगा।
BJP और राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (RSS) पर निशाना साधते हुए राहुल गांधी ने कहा कि हमारे देश के लिए उनका दृष्टिकोण हमसे अलग है। RSS का मानना है कि भारत को एक ही विचारधारा और संगठन द्वारा शासित किया जाना चाहिए, जिसका हम विरोध कर रहे हैं। हम विकेंद्रीकरण में विश्वास करते हैं जबकि BJP का मानना है कि सभी निर्णय दिल्ली में लिए जाने चाहिए। उन्होंने दावा कि कांग्रेस मिजोरम, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, राजस्थान और तेलंगाना में विधानसभा चुनाव जीतेगी।
राहुल ने कहा कि हम मध्य प्रदेश में बीजेपी को समेट देंगे। हमने छत्तीसगढ़ में उनको हराया और दोबारा हराएंगे। पिछले चुनावों में राजस्थान में बीजेपी को हराया था और यहां भी जीत दोहराएंगे। हम पूर्वोत्तर में भी ऐसा ही करेंगे। किसी को भी कांग्रेस को कम नहीं आंकना चाहिए। उन्होंने भगवा पार्टी पर देश के संपूर्ण संस्थागत ढांचे पर कब्जा करने का प्रयास करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देश की नींव स्थापित करने में मदद की है और इस पुरानी पार्टी का उस नींव की रक्षा करने का इतिहास रहा है।
उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर के विभिन्न राज्य BJP और RSS के हमलों का सामना कर रहे हैं, यह आपकी धार्मिक आस्थाओं की बुनियाद के लिए खतरा है। हम चाहते हैं कि मिजोरम के लोग अपने भविष्य को लेकर सही निर्णय लें और वे खुद को, अपनी धार्मिक या सामाजिक प्रथाओं को व्यक्त करने में सहज महसूस करें। हम नहीं मानते कि मिजोरम पर दिल्ली से शासन किया जाना चाहिए। हम राज्य के लोगों को सत्ता सौंपने में विश्वास करते हैं।
MNF-ZPM के इस्तेमाल का आरोप
बीजेपी पर मिजोरम में पैर जमाने के लिए MNF और ZPM को इस्तेमाल करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव मिजोरम की अवधारणा और स्थानीय निवासियों की स्वतंत्रता, परंपरा और धर्म की रक्षा करने की लड़ाई है। उन्होंने कहा कि जहां एक ओर MNF सीधे तौर पर BJP से जुड़ी हुई वहीं यह भी स्पष्ट कि ZPM केंद्र में सत्तारूढ़ दल से मुकाबाल नहीं कर रही है।
राहुल गांधी ने दावा किया कि मिजोरम में कांग्रेस सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग सब समझते हैं कि क्या हो रहा है। चुनाव में असली सवाल यही है कि क्या RSS मिजोरम को शासन करने जा रहा है या नहीं। MNF-ZPM के जरिए ऐसा किया जा सकता है।