Assembly Elections 2023: पीएम मोदी 5 अक्टूबर को जाएंगे राजस्थान-मध्य प्रदेश, करोड़ों की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण और शिलान्यास

Assembly Elections 2023: पीएम मोदी मध्य प्रदेश के जबलपुर में 12,600 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। ये परियोजनाएं सड़क, रेल, गैस पाइपलाइन, आवास और स्वच्छ पेयजल जैसे क्षेत्रों से संबंधित हैं। वह इंदौर में लाइट हाउस परियोजना के तहत निर्मित 1,000 से अधिक घरों का उद्घाटन करेंगे

अपडेटेड Oct 04, 2023 पर 2:40 PM
Story continues below Advertisement
Assembly Elections 2023: पीएम मोदी राजस्थान में लगभग 5,000 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे

Assembly Elections 2023: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) गुरुवार (5 अक्टूबर) को चुनावी राज्य राजस्थान (Rajasthan Assembly Elections 2023) और मध्य प्रदेश (Madhya Pradesh Assembly Elections 2023) का दौरा करेंगे। इस दौरान, वह दोनों राज्यों में 17,600 करोड़ रुपये से अधिक की लागत वाली विभिन्न परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास करेंगे। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने के मुताबिक, पीएम मोदी राजस्थान में लगभग 5,000 करोड़ रुपये की कई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। ये परियोजनाएं सड़क, रेल, विमानन, स्वास्थ्य और उच्च शिक्षा क्षेत्रों से संबंधित हैं।

इस दौरान पीएम मोदी भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), जोधपुर कैंपस भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इसके साथ ही जोधपुर एयरपोर्ट पर नए टर्मिनल भवन तथा वहां स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) ट्रॉमा सेंटर और क्रिटिकल केयर हॉस्पिटल ब्लॉक की आधारशिला रखेंगे।

एमपी को देंगे 12,600 करोड़ का तोहफा


इसके बाद पीएम मोदी मध्य प्रदेश के जबलपुर पहुंचेंगे। वहां वह 12,600 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का उद्घाटन, शिलान्यास और राष्ट्र को समर्पित करेंगे। ये परियोजनाएं सड़क, रेल, गैस पाइपलाइन, आवास और स्वच्छ पेयजल जैसे क्षेत्रों से संबंधित हैं। वह इंदौर में लाइट हाउस परियोजना के तहत निर्मित 1,000 से अधिक घरों का उद्घाटन करेंगे।

PMO ने कहा कि व्यक्तिगत घरेलू नल कनेक्शन के माध्यम से सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने के प्रधानमंत्री के सपने को साकार करने की दिशा में एक कदम उठाते हुए मंडला, जबलपुर और डिंडोरी जिलों में 2,350 करोड़ रुपये से अधिक की कई जल जीवन मिशन परियोजनाओं की आधारशिला रखी जाएगी।

जल जीवन मिशन परियोजना का करेंगे उद्घाटन

पीएम मोदी सिवनी जिले में 100 करोड़ रुपये से अधिक लागत की जल जीवन मिशन परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे। PMO के अनुसार, राज्य के चार जिलों की इन परियोजनाओं से मध्य प्रदेश के लगभग 1,575 गांवों को लाभ मिलेगा। प्रधानमंत्री मध्य प्रदेश में सड़क ढांचे में सुधार के लिए 4,800 करोड़ रुपये से अधिक की कई परियोजनाओं का शिलान्यास करेंगे और राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

ये भी पढ़ें- MP Election 2023: जातिगत गणना से बदली मध्य प्रदेश की राजनीति! OBC को साधने के लिए BJP ने बनाया ये खास प्लान

मध्य प्रदेश में पीएम मोदी 1,850 करोड़ रुपये से अधिक की रेल परियोजनाओं को राष्ट्र को समर्पित करेंगे। इनमें कटनी-विजयसोता (102 किलोमीटर) और मरवासग्राम-सिंगरौली (7,850 किलोमीटर) को जोड़ने वाली रेल लाइन का दोहरीकरण शामिल है। ये दोनों परियोजनाएं कटनी-सिंगरौली खंड को जोड़ने वाली रेल लाइन के दोहरीकरण परियोजना का हिस्सा हैं।

पाइपलाइन प्रोजेक्ट की रखेंगे आधारशिला

PMO ने कहा कि इन परियोजनाओं से मध्य प्रदेश में रेल के बुनियादी ढांचे में सुधार होगा, जिससे राज्य में व्यापार और पर्यटन को लाभ होगा। इस दौरान, प्रधानमंत्री विजयपुर-औरैयां-फूलपुर पाइपलाइन परियोजना राष्ट्र को समर्पित करेंगे और मुंबई-नागपुर-झारसुगुडा पाइपलाइन परियोजना के नागपुर जबलपुर खंड (317 किलोमीटर) की आधारशिला भी रखेंगे। पीएम जबलपुर में लगभग 147 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित एक नए बॉटलिंग प्लांट को भी राष्ट्र को समर्पित करेंगे।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।