पीएम मोदी ने राजस्थान को दिया 7,000 करोड़ रुपये का तोहफा, बोले- 'गहलोत सरकार की योजनाओं को बंद नहीं करेंगे'

PM Modi Rajasthan Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि राजस्थान का विकास भारत सरकार के लिए बहुत बड़ी प्राथमिकता है। पीएम मोदी ने चित्तौड़गढ़ में लगभग 7200 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण समारोह में यह बात कही। पीएम मोदी ने रिमोट के जरिए इन परियोजनाओं का लोकार्पण किया। पीएम मोदी ने गांधी जयंती के अवसर पर चित्तौड़गढ़ में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 5 साल में कांग्रेस सरकार ने राजस्थान की साख को तबाह कर दिया है

अपडेटेड Oct 02, 2023 पर 3:13 PM
Story continues below Advertisement
PM Modi Rajasthan Visit: पीएम मोदी ने कहा कि CM अशोक गहलोत को पता है कि कांग्रेस की विदाई की उल्टी गिनती शुरू हो गई है

PM Modi Rajasthan Visit: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को कहा कि राजस्थान का विकास भारत सरकार के लिए बहुत बड़ी प्राथमिकता है। पीएम मोदी ने चित्तौड़गढ़ में लगभग 7200 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाओं के लोकार्पण समारोह में यह बात कही। पीएम मोदी ने रिमोट के जरिए इन परियोजनाओं का लोकार्पण किया। पीएम मोदी ने गांधी जयंती के अवसर पर चित्तौड़गढ़ में महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। इस दौरान रैली को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा कि 5 साल में कांग्रेस सरकार ने राजस्थान की साख को तबाह कर दिया है। मैं बहुत दुखी मन से कहता हूं कि जब अपराध, दंगे, महिलाओं-दलितों पर अत्याचार की बात होती है तो राजस्थान टॉप पर आता है।

पीएम मोदी ने कहा कि राजस्थान का विकास भारत सरकार के लिए बहुत बड़ी प्राथमिकता है। हमने राजस्थान में एक्सप्रेस वे, हाईवे एवं रेलवे जैसे आधुनिक बुनियादी ढांचे पर बहुत फोकस किया है। दिल्ली मुंबई एक्सप्रेसवे हो या अमृतसर जामनगर एक्सप्रेसवे, ये राजस्थान में लाजिस्टिक्स से जुड़े क्षेत्र को नई शक्ति देने वाले हैं। उन्होंने कहा कि राजस्थान वह प्रदेश है जिसके पास अतीत की विरासत भी है, वर्तमान का सामर्थ्य भी है और भविष्य की संभावनाएं भी है। पीएम मोदी ने कहा कि राजस्थान की यह त्रिशक्ति देश का सामर्थ्य भी बढ़ाती है।

पीएम मोदी ने कहा कि कल एक अक्टूबर को राजस्थान सहित पूरे देश ने स्वच्छता को लेकर एक बहुत बड़ा कार्यक्रम किया। उन्होंने कहा कि मैं स्वच्छता आंदोलन को जन आंदोलन बना देने के लिए सभी देशवासियों का आभार व्यक्त करता हूं। पीएम मोदी ने कहा कि पूज्य बापू स्वच्छता, स्वावलंबन और सर्वस्पर्शी विकास के बहुत आग्रही थे। बीते 9 साल में बापू के इन्हीं मूल्यों को देश ने बहुत अधिक विस्तार दिया है।


उन्होंने कहा कि आज 7200 करोड़ रुपए की जिन परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ है उसमें भी इसका प्रतिबिंब है। प्रधानमंत्री ने कहा कि गैस आधारित अर्थव्यवस्था का आधार मजबूत करने के लिए देश में गैस पाइपलाइन नेटवर्क बिछाने का अभूतपूर्व अभियान चल रहा है। इससे पहले पीएम मोदी ने विख्यात सांवलिया सेठ मंदिर में पूजा अर्चना की।

पीएम मोदी के संबोधन की बड़ी बातें

पीएम मोदी ने कहा कि 5 साल में कांग्रेस सरकार ने राजस्थान की साख को तबाह कर दिया है... मैं बहुत दुखी मन से कहता हूं कि जब अपराध, दंगे, महिलाओं-दलितों पर अत्याचार की बात होती है तो राजस्थान टॉप पर आता है... मैं बहुत दुख के साथ आपने पूछता हूं कि क्या 5 साल पहले आपने इसलिए राजस्थान को वोट दिया था?

PM ने कहा कि यहां अशोक गहलोत सोते-जागते मुख्यमंत्री की कुर्सी बचाने में लगे थे और आधी कांग्रेस उनकी कुर्सी गिराने में जुटी थी। जनता को अपने हाल पर छोड़कर ये लोग आपसी लड़ाई में व्यस्त रहे... कांग्रेस ने राजस्थान को लूटने में कोई कमी नहीं छोड़ी।

प्रधानमंत्री ने कहा कि राजस्थान के नौजवानों के साथ जो धोखा किया गया है भाजपा उसकी तह तक जाएगी... यहां के पेपर लीक माफिया का पाताल में भी जाकर हिसाब किया जाएगा। मैं आपको भरोसा देता हूं नौजवानों के भविष्य के साथ जिसने खिलवाड़ किया है ऐसे पेपर लीक माफिया को छोड़ा नहीं जाएगा, कड़ी सजा दिलाई जाएगी।

पीएम मोदी ने कहा कि CM अशोक गहलोत को पता है कि कांग्रेस की विदाई की उल्टी गिनती शुरू हो गई है। खुद गहलोत जी को भरोसा है कि वो जा रहे हैं और इसीलिए उन्होंने पहले ही BJP को बधाई दे दी है। उनकी गुजारिश है कि राजस्थान में BJP की सरकार बनने के बाद उनकी योजनाएं बंद न की जाएं। मैं सार्वजनिक रूप से स्वीकार करने के लिए गहलोत जी को धन्यवाद देना चाहता हूं कि राजस्थान में BJP सत्ता में आएगी।

पीएम ने कहा कि आज मैं राजस्थान के हर गरीब, दलित, पिछड़े और आदिवासी परिवारों को गारंटी दे रहा हूं कि हर गरीब को पक्की छत, पक्का घर दिया जाएगा... हमने राजस्थान के लाखों लोगों को पाइप से पानी पहुंचाने की गारंटी दी है। आज एक राज्य दूसरे राज्य को पानी देने से मना करता है, दोनों राज्यों में लड़ाई होती है लेकिन ये मेरी गारंटी थी कि अगर नर्मदा का पानी गुजरात को मिलता है और राजस्थान को जरूरत है तो राजस्थान को भी मिलेगा... आज बिना किसी विवाद के राजस्थान के कई गांव, जिलों में नर्मदा का पानी पहुंच रहा है।

ये भी पढ़ें- Bihar Caste Survey: 27% पिछड़ा वर्ग, 36% अत्यंत पिछड़ा वर्ग और सामान्य 16%... बिहार में जाति आधारित जनगणना की रिपोर्ट जारी

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के घमंडिया गठबंधन के नेता महिलाओं को लेकर कैसी अपमानित करने वाली बातें कर रहे हैं यह हम आए दिन देखते हैं। ये इस(महिला आरक्षण) कानून से नाराज़ हैं, ये नहीं चाहते कि महिलाओं को उनका हक मिले इसलिए जाति-धर्म के नाम पर भ्रम फैला रहे हैं।

पीएम मोदी ने कहा कि उदयपुर में जो हुआ उसकी किसी ने कल्पना भी नहीं की थी... लोग कपड़े सिलवाने के बहाने आते हैं और बिना किसी डर या खौफ के दर्जी का गला काट देते हैं... इस मामले में भी कांग्रेस को वोट बैंक नजर आया। मैं कांग्रेस से पूछना चाहता हूं कि उदयपुर दर्जी हत्याकांड में कांग्रेस पार्टी ने क्या किया, वोट बैंक की राजनीति की...? उन्होंने कहा कि जो कांग्रेस सरकार जानमाल की सुरक्षा नहीं कर सकती, उसको हटाना बहुत जरुरी है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।