Rajasthan Election 2023: राजस्थान में 41 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट में BJP ने 7 सांसदों को दिया टिकट, वसुंधरा राजे का नाम नहीं

Rajasthan Election 2023: राजस्थान में विधानसभा की 200 सीटों के लिए 23 नवंबर को मतदान होगा और मतों की गिनती 3 दिसंबर को की जाएगी। राजस्थान में चुनाव की अधिसूचना 30 अक्टूबर को जारी होगी और उम्मीदवार 6 नवंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 7 नवंबर को नामांकन की जांच होगी और नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 9 नवंबर होगी

अपडेटेड Oct 09, 2023 पर 5:33 PM
Story continues below Advertisement
Rajasthan Election 2023: BJP ने झोटवाड़ा से सांसद राज्यवर्धन राठौड़ को मैदान में उतारा है

Rajasthan Election 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव की तारीख की घोषणा के कुछ घंटों बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने सोमवार को चुनाव के लिए 41 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी। एक अक्टूबर को बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक में उम्मीदवारों के नामों को अंतिम रूप दिया गया। बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह शामिल हुए। मध्य प्रदेश की तरफ राजस्थान में भी बीजेपी ने 7 सांसदों को टिकट दिया है।

BJP ने झोटवाड़ा से सांसद राज्यवर्धन राठौड़ को मैदान में उतारा है। जबकि दूसरी सांसद दीया कुमारी को विद्याधर नगर से मैदान में उतारा है। इसके अलावा बाबा बालकनाथ को तिजारा से और किरोड़ी लाल मीणा को सवाई माधोपुर से मैदान में उतारा गया है। हालांकि, पूर्व सीएम वसुंधरा राजे का नाम पहली लिस्ट में नहीं है। राजस्थान में अभी तक कांग्रेस ने किसी उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है।

23 नवंबर को होगा मतदान


राजस्थान में विधानसभा की 200 सीटों के लिए 23 नवंबर को मतदान होगा और मतों की गिनती 3 दिसंबर को की जाएगी। राजस्थान में चुनाव की अधिसूचना 30 अक्टूबर को जारी होगी और उम्मीदवार 6 नवंबर तक नामांकन दाखिल कर सकेंगे। 7 नवंबर को नामांकन की जांच होगी और नामांकन वापस लेने की आखिरी तारीख 9 नवंबर होगी। राजस्थान विधानसभा चुनाव के तहत होने वाले मतदान में सवा 5 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे। राजस्थान में मुख्य मुकाबला कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच होता है। इस मरूधर प्रदेश में कुछ क्षेत्रीय पार्टियां भी हैं जो चुनिंदा क्षेत्रों में अपना प्रभाव रखती हैं।

ये भी पढ़ें- Rajasthan Election 2023: राजस्थान में 23 नवंबर को होगा मतदान, क्या अशोक गहलोत बचा पाएंगे अपनी सरकार?

राज्‍य विधानसभा के पिछले चुनाव (2018) में कुल 200 सीटों में कांग्रेस को 99 और BJP को 73 सीटें मिलीं। अलवर जिले की रामगढ़ विधानसभा सीट पर BSP प्रत्याशी के निधन के बाद चुनाव स्थगित कर दिया गया जो 28 जनवरी को हुआ। इसमें भी कांग्रेस ने बाजी मारी। अशोक गहलोत ने 17 दिसंबर 2018 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

मतदाताओं की संख्या

राज्य निर्वाचन आयोग के मुताबिक राज्य में कुल 5 करोड़ 26 लाख 80,545 मतदाता हैं। इनमें से 2 करोड़ 73 लाख 58 हजार 627 पुरूष एवं 2 करोड़ 51 लाख 79 हजार 422 महिला मतदाता शामिल हैं। 2018 के विधानसभा चुनाव में राज्य में 4 करोड़ 77 लाख 89 हजार मतदाता थे। इनमें 2 करोड़ 49 लाख 61 हजार महिलाएं और 2 करोड़ 28 लाख 27 हजार महिला मतदाता थीं। राज्‍य की 200 विधानसभा सीटों में 34 अनुसूचित जाति, 25 अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित हैं, वहीं 141 सीटें सामान्य वर्ग के लिए हैं।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।