Rajasthan Election 2023: राजस्थान में 25 नवंबर को होने वाले विधानसभा चुनाव से ठीक पहले राज्य के दिग्गज नेता अमीन पठान (Amin Pathan) ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) छोड़ कांग्रेस का दामन थाम लिया है। बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अमीन पठान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी सुकजिंदर सिंह रंधावा की उपस्थिति में कांग्रेस में शामिल हुए। राजस्थान अल्पसंख्यक मोर्चा और राजस्थान हज समिति के पूर्व बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष अमीन पठान राज्य मंत्री भी रह चुके हैं। बता दें कि राजस्थान का चुनावी रण BJP के लिए मुश्किल होता जा रहा है। इस बार पार्टी ने सत्ता वापसी के लिए कई नेताओं के टिकट काटकर केंद्रीय मंत्री और सांसदों को अपना उम्मीदवार बनाया है।
भगवा पार्टी के प्रति अपना असंतोष व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि उन्हें लगता है कि गुजरात के केवल कुछ लोगों और कुछ उद्योगपतियों को बढ़ावा दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अन्य पार्टियां भी थीं जिनमें वह शामिल हो सकते थे। लेकिन उन्होंने गहलोत के काम के आधार पर कांग्रेस को चुना।
उन्होंने कहा, ''पिछले 25 वर्षों से मैं बीजेपी का कार्यकर्ता, पार्षद, विभिन्न बोर्डों का अध्यक्ष रहा हूं... ऐसा लगता है कि केवल गुजरात के कुछ लोगों और उद्योगपतियों को ही बढ़ावा दिया जा रहा है... यह बीजेपी की सोच नहीं है।'' बता दें कि राजस्थान में 25 नवंबर को मतदान होना है। राज्य में मुख्य मुकाबला बीजेपी और कांग्रेस के बीच है।
पठान ने आगे कहा, "हम किस विचारधारा और नीति के आधार पर इसमें शामिल हुए थे... अब अटल बिहारी वाजपेई और भैरों सिंह शेखावत जैसे नेता नहीं हैं... ऐसा लगता है कि बीजेपी अपने वादों से भटक गई है... उसे देखते हुए और उसके बाद आहत होकर मैंने बीजेपी से अपना इस्तीफा दे दिया है...अशोक गहलोत ने किसानों, युवाओं और महिलाओं के लिए काम किया है। उसी को देखते हुए मैंने कांग्रेस में शामिल होने का फैसला किया है...''