Rajasthan Assembly Elections 2023: राजस्थान के गंगानगर जिले के करणपुर विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कुन्नर (Congress candidate from Rajasthan Gurmeet Singh Koonar) का दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट कर इसकी पुष्टि की है। सीएम गहलोत और कांग्रेस नेता सचिन पायलट ने गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन पर शोक व्यक्त किया है।
सूत्रों के अनुसार, 75 वर्षीय कुन्नर को दिल्ली एम्स (AIIMS-Delhi) के जेरिएट्रिक मेडिसिन वार्ड में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के प्रमाण पत्र के मुताबिक, कुन्नर का निधन सेप्टिक शॉक और गुर्दे की बीमारी के कारण हुआ। वह हाई ब्लड प्रेशर से भी पीड़ित थे। उन्हें 12 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सीएम अशोक गहलोत ने शोक व्यक्त करते हुए X पर लिखा, "करणपुर से विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री गुरमीत सिंह कुन्नर के निधन की सूचना से मुझे बेहद दुख हुआ है। श्री कुन्नर लंबे समय तक अस्वस्थ होते हुए भी अपने क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए हमेशा प्रयासरत रहते थे। कुन्नर साहब का निधन कांग्रेस पार्टी एवं राजस्थान की राजनीति के लिए अपूरणीय क्षति है। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति एवं परिजनों को हिम्मत देने की कामना करता हूं।"
वहीं, राजस्थान के पूर्व डिप्टी सीएम और कांग्रेस के सीनियर नेता सचिन पायलट ने लिखा, "पूर्व मंत्री, करणपुर विधायक एवं कांग्रेस प्रत्याशी गुरमीत सिंह कुन्नर जी का निधन कांग्रेस परिवार के लिए गहरा आघात है। अपने क्षेत्र के विकास और जनता से उनका सीधा जुड़ाव हमेशा याद किया जाएगा। मैं ईश्वर से दिवंगत आत्मा को अपने श्रीचरणों में स्थान देने की प्रार्थना करता हूँ। इस मुश्किल घड़ी में मेरी संवेदनाएं गुरमीत सिंह जी के परिजनों और उनके प्रशंसकों के साथ हैं। ॐ शांति!"
कुन्नर राजस्थान की करणपुर सीट से कांग्रेस विधायक थे। पार्टी ने इस विधानसभा चुनाव में भी उन्हें उम्मीदवार बनाया था। राज्य में 25 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। मतों की गणना 3 दिसंबर को होगी। राज्य में मुख्य मुकाबला सत्ताधारी कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (BJP) के बीच है।