'चुनाव में धर्म पर नहीं, राजस्थान सरकार के कामकाज पर बात करें' अशोक गहलोत की BJP नेताओं को चुनौती
Rajasthan Election 2023: अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने नेहरू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि नेहरू एक दूरदर्शी नेता थे और युवा पीढ़ी को उनके और देश के विकास में उनके योगदान के बारे में पढ़ना चाहिए। बाद में गहलोत कोटा संभाग में सरकार की गारंटी यात्रा का शुभारंभ करने कोटा पहुंचे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एजेंडा विकास है।
MoneyControl News
अपडेटेड Nov 14, 2023 पर 5:23 PM
Rajasthan Election 2023: राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (Narendra Modi) और गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) समेत BJP नेताओं को चुनाव में धर्म के बारे में बात करने के बजाय राज्य सरकार के काम पर बोलने की चुनौती दी। उन्होंने बीजेपी नेताओं पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का आरोप लगाया और कहा कि कांग्रेस (Congress) विकास और जनकल्याण के मुद्दे पर चुनावी मैदान में हैं।
उन्होंने जयपुर में कहा, "BJP नेता आते हैं और धर्म के नाम पर अपने भाषणों में उत्तेजक बातें कहते हैं। वे धर्म के नाम पर अपना एजेंडा थोपते हैं, जो अच्छी परंपरा नहीं है। मैं उन्हें चुनौती देता हूं कि वे धर्म के नाम पर राजनीति करने के बजाय हमारी योजनाओं और कार्यक्रमों, सरकार के कामकाज पर बोलें।"
गहलोत ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और दूसरे नेता चुनाव प्रचार के लिए आएंगे। बीजेपी नेता केवल लोगों को भड़काने का काम करेंगे।"
उन्होंने मीडिया से कहा, “हमने महत्वपूर्ण कानून बनाए, महंगाई राहत शिविरों में दस गारंटी दी, हमारा कोरोना मैनेजमेंट उत्कृष्ट था, राजस्थान आर्थिक विकास में उत्तर भारत में पहले और देश में दूसरे नंबर पर है। हमने पांच साल में अच्छा शासन दिया। विकास हमारा एजेंडा है और हम इसी पर चुनाव लड़ रहे हैं।"
कांग्रेस का एजेंडा विकास है: CM गहलोत
मुख्यमंत्री ने यहां अल्बर्ट हॉल में पूर्व प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू को उनकी जयंती पर श्रद्धांजलि देने के बाद कहा, "मैं BJP नेताओं को चुनौती देता हूं कि वे हमारी योजनाओं, कार्यक्रमों और राज्य सरकार की तरफ से किए गए विकास कार्यों के बारे में बात करें। अगर उनके पास हमारे विकास कार्यों पर आलोचना करने के लिए कुछ है, तो उन्हें ऐसा करना चाहिए.. लेकिन उत्तेजक बातें करना अच्छी बात नहीं है।”
गहलोत ने नेहरू की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि नेहरू एक दूरदर्शी नेता थे और युवा पीढ़ी को उनके और देश के विकास में उनके योगदान के बारे में पढ़ना चाहिए।
बाद में गहलोत कोटा संभाग में सरकार की गारंटी यात्रा का शुभारंभ करने कोटा पहुंचे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का एजेंडा विकास है।
राजस्थान के कांग्रेस प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, कोटा उत्तर सीट से चुनाव लड़ रहे शहरी विकास मंत्री शांति धारीवाल और दूसरे नेता भी कोटा में गहलोत के साथ मौजूद थे।
कोटा एयर पोर्ट पर मीडियाकर्मियों से बात करते हुए उन्होंने कहा, "हम विकास कार्यों के आधार पर वोट मांग रहे हैं और हम चाहते हैं मुद्दा आधारित लड़ाई हो.. हमारी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है ... लेकिन विपक्ष वाले दुश्मन की तरह बात करने लग गए। वे धर्म के नाम पर लोगों को भड़काने लग गए, उसे उचित नहीं कहा जा सकता।’’
उन्होंने कहा "आर्थिक विकास दर में उत्तर भारत में नंबर वन..पूरे देश के पूरे राज्यों में नंबर दो पर है।"
गहलोत ने कहा "जब मोदी जी, योगी जी, अमित शाह जी.. जैसे नेता आते हैं.. तो वे सीधे पत्थर मारने वाली बातें करते है.. ये सही नहीं है.. ये न तो देश हित में है और न ही राजस्थान के हित में।"
उन्होंने कहा "हम चाहते हैं कि आप सादगी से, प्यार-मोहब्बत से अपनी बात कहें..हमारी उपलब्धियों की आलोचना करें। अगर आपमें दम है तो.. मैं चुनौती देता हूं कि हमारी जो उपलब्धियां है.. हमारी योजनाएं है.. हमारी महंगाई राहत शिविर में गारंटियां है.. उनके बारे में आप चर्चा कीजिए।"
उन्होंने कहा, "उनके पास कहने को कुछ नहीं है.. हमारे पास कहने को बहुत कुछ है।"
गहलोत ने विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के जीत का विश्वास जताते हुए कहा, 'हमें विश्वास है कि जनता हमारे काम के आधार पर हमारी सरकार को दोहराएगी।'
राज्य की सभी 200 विधानसभा सीट पर 25 नवंबर को मतदान होगा और परिणाम तीन दिसंबर को घोषित किये जायेंगे।