Rajasthan Election 2023: करणपुर में चुनाव स्थगित, राजस्थान में अब 200 में से 199 सीटों पर होगा मतदान

Rajasthan Election 2023: कुनार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में इसे "कांग्रेस और राजस्थान की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति" बताया। कूनर ने कांग्रेस विधायक के रूप में दो बार 1998 और 2018 में करणपुर का प्रतिनिधित्व किया। जबकि 2008 में वह निर्दलीय के रूप में विधानसभा पहुंचे

अपडेटेड Nov 16, 2023 पर 1:02 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
Rajasthan Election 2023: कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कुन्नर का बुधवार को निधन हो गया

Rajasthan Assembly Elections 2023: राजस्थान के गंगानगर जिले के करणपुर विधानसभा क्षेत्र (Karanpur Assembly Constituency in Rajasthan) से कांग्रेस उम्मीदवार गुरमीत सिंह कुन्नर (Gurmeet Singh Koonar) का दिल्ली एम्स में इलाज के दौरान बुधवार को निधन हो गया। 75 वर्षीय कुन्नर को एम्स के जेरिएट्रिक मेडिसिन वार्ड में भर्ती कराया गया था। अस्पताल के प्रमाण पत्र के मुताबिक, कुन्नर का निधन सेप्टिक शॉक और गुर्दे की बीमारी के कारण हुआ। वह हाई ब्लड प्रेशर से भी पीड़ित थे।

कुन्नर को 12 नवंबर को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनके निधन के बाद चुनाव आयोग ने इस सीट पर मतदान स्थगित कर दिया है। यानी अब 25 नवंबर को राजस्थान की 200 विधानसभा सीटों में से सिर्फ 199 सीटों पर ही मतदान होगा। कुन्नर राजस्थान की करणपुर सीट से कांग्रेस विधायक थे। पार्टी ने इस विधानसभा चुनाव में भी उन्हें उम्मीदवार बनाया था। राज्य में 25 नवंबर को विधानसभा चुनाव होने वाले हैं।

उन्होंने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सुरेंद्र पाल सिंह के खिलाफ सीट से दोबारा नामांकन किया था। चुनाव आयोग के एक अधिकारी ने बताया कि यदि किसी मान्यता प्राप्त राज्य या राष्ट्रीय पार्टी द्वारा मैदान में उतारे गए उम्मीदवार की चुनाव से पहले मृत्यु हो जाती है, तो रिटर्निंग अधिकारी उस सीट पर मतदान को "बाद में सूचित की जाने वाली तारीख" के लिए "स्थगित" कर देता है।


ये भी पढ़ें- राजस्थान में BJP का 'संकल्प पत्र' जारी, हर जिले में महिला थाना खोलने और 450 रुपये प्रति सिलेंडर सब्सिडी देने का दावा

कुनार के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट में इसे "कांग्रेस और राजस्थान की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति" बताया। कूनर ने कांग्रेस विधायक के रूप में दो बार 1998 और 2018 में करणपुर का प्रतिनिधित्व किया। जबकि 2008 में वह निर्दलीय के रूप में विधानसभा पहुंचे। कांग्रेस ने 25 नवंबर को होने वाले राजस्थान विधानसभा चुनाव में पार्टी की जीत का भरोसा जताया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।