Rajasthan Elections 2023: कांग्रेस ने जारी की 43 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट, गहलोत के करीबी मंत्रियों को मिला टिकट

Rajasthan Elections 2023: उच्च शिक्षा राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह यादव को कोटपुतली सीट से मैदान में उतारा गया है। तीनों मंत्रियों को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का करीबी माना जाता है। कांग्रेस ने अब तक राजस्थान चुनाव के लिए 76 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इससे पहले शनिवार को 33 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की गई थी

अपडेटेड Oct 22, 2023 पर 10:10 PM
Story continues below Advertisement
Rajasthan Elections 2023: राजस्थान की सभी 200 विधानसभा सीटों पर 25 नवंबर को मतदान होगा

Rajasthan Assembly Elections 2023: राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस उम्मीदवारों को की दूसरी लिस्ट जारी हो गई है। कांग्रेस ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए रविवार (22 अक्टूबर) को 43 उम्मीदवारों की अपनी दूसरी लिस्ट जारी की। लिस्ट में पूर्व मुख्य सचिव निरंजन आर्य को सोजत (अनुसूचित जाति) सीट से मैदान में उतारा गया है। वहीं, राज्य के मंत्री गोविंद राम मेघवाल और बी.डी. कल्ला को क्रमशः खाजूवाला (अनुसूचित जाति) और बीकानेर पश्चिम से मैदान में उतारा गया है। राज्य की 200 सदस्यीय विधानसभा के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा। जबकि मतगणना तीन दिसंबर को होगी।

उच्च शिक्षा राज्य मंत्री राजेंद्र सिंह यादव को कोटपुतली सीट से मैदान में उतारा गया है। तीनों मंत्रियों को मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का करीबी माना जाता है। कांग्रेस ने अब तक राजस्थान चुनाव के लिए 76 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। इससे पहले शनिवार को 33 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की गई थी।

पहली लिस्ट में मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, विधानसभा अध्यक्ष सी.पी. जोशी और पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट के नाम भी शामिल था। पार्टी की ओर से जारी उम्मीदवारों की लिस्ट के अनुसार, गहलोत को उनके विधानसभा क्षेत्र सरदारपुरा से ही उम्मीदवार बनाया गया है। जबकि पायलट टोंक से चुनाव लड़ेंगे, जहां से वह वर्तमान विधायक हैं।


कांग्रेस ने विधानसभा अध्यक्ष सी.पी. जोशी को उनके वर्तमान निर्वाचन क्षेत्र नाथद्वारा से उम्मीदवार बनाया है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा को लक्ष्मणगढ़ से टिकट दिया गया है जहां से वह वर्तमान में विधायक हैं।

कांग्रेस की पहली लिस्ट में राजस्थान के कुछ मंत्रियों के नाम भी शामिल थे। भंवर सिंह भाटी को कोलायत, महेंद्रजीत मालवीय को बागीडोरा, टीकाराम जूली को अलवर ग्रामीण व ममता भूपेश को सिकराय से उम्मीदवार बनाया गया है।

BJP ने भी जारी की दूसरी लिस्ट

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने भी राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए 21 अक्टूबर को 83 और उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की थी। इसमें पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को उनकी पारंपरिक झालरापाटन सीट से मैदान में उतारा गया है। पार्टी की इस दूसरी लिस्ट में 50 मौजूदा विधायकों को टिकट दिया गया है जबकि 9 मौजूदा विधायकों के टिकट काटे गए हैं।

ये भी पढ़ें- Rajasthan Elections 2023: इस हॉट सीट पर हिंदू-मुस्लिम धर्मगुरुओं के बीच होता है मुकाबला, जानें क्या है सियासी गणित

दूसरी लिस्ट में पार्टी ने किसी सांसद को विधानसभा चुनाव में नहीं उतारा है। इसमें कुल 83 उम्मीदवारों में से 10 महिलाएं हैं। राजस्थान में विधानसभा की कुल 200 सीटें हैं। BJP ने अब तक कुल 124 सीटों के लिए उम्मीदवार उतार दिए हैं। पार्टी ने पहली लिस्ट में 41 नामों की घोषणा की थी। राज्य की सभी सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा। जबकि मतगणना तीन दिसंबर को होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।