Rajasthan Election 2023: राजस्थान में कांग्रेस 18 अक्टूबर को जारी करेगी पहली लिस्ट! इस आधार पर होगा उम्मीदवारों का चयन

Rajasthan Election 2023: नवरात्रि के आगाज के साथ ही कांग्रेस की ओर से लिस्ट जारी किए जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए मध्य प्रदेश के लिए 144, छत्तीसगढ़ के लिए 30 और तेलंगाना के लिए 55 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। ऐसे में माना जा रहा है कि अब कांग्रेस राजस्थान के उम्मीदवारों की भी जल्द घोषणा कर देगी

अपडेटेड Oct 16, 2023 पर 7:22 PM
Story continues below Advertisement
Rajasthan Election 2023: मल्लिकार्जुन खड़गे ने लिस्ट को लेकर पूछे गए एक सवाल पर कहा, "18 अक्टूबर को आ जाएगी।"

Rajasthan Election 2023: राजस्थान में 18 अक्टूबर को कांग्रेस की पहली लिस्ट आ सकती है। राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक मंगलवार 17 अक्टूबर को होगी। वहीं, केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बैठक बुधवार यानी 18 अक्टूबर को होने वाली है। ऐसे में आगामी तीन दिनों में कांग्रेस की पहली लिस्ट आने की संभावना जताई जा रही है। उम्मीदवारों की लिस्ट पर कांग्रेस नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने मंगलवार को कहा, "परसों (18 अक्टूबर) हमारी CEC की बैठक है। उम्मीद है कि उस दिन हम ज्यादातर सीटों पर उम्मीदवारों की सूची जारी कर देंगे।"

बता दें कि नवरात्रि के आगाज के साथ ही कांग्रेस की ओर से लिस्ट जारी किए जाने का सिलसिला शुरू हो गया है। कांग्रेस पार्टी ने विधानसभा चुनाव को मद्देनजर रखते हुए मध्य प्रदेश के लिए 144, छत्तीसगढ़ के लिए 30 और तेलंगाना के लिए 55 उम्मीदवारों की घोषणा कर दी है। ऐसे में माना जा रहा है कि अब कांग्रेस राजस्थान के उम्मीदवारों की भी जल्द घोषणा कर देगी। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोमवार को लिस्ट को लेकर पूछे गए एक सवाल पर कहा, "18 अक्टूबर को आ जाएगी।"

भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने राजस्थान में विधानसभा चुनाव के लिए अपने 41 प्रत्याशियों की पहली लिस्ट पिछले सोमवार को जारी की थी। पहली लिस्ट में 7 मौजूदा सांसदों के नाम भी हैं। इनमें से 6 लोकसभा के, जबकि 1 राज्यसभा का सदस्य है। कांग्रेस ने दावा किया कि राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी को अपने कई लोकसभा सदस्यों के टिकट काटने थे, इसलिए बहाना बनाकर उन्हें विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार घोषित कर दिया।


जीत की संभावना के आधार पर होगा प्रत्याशियों का चयन

राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की स्क्रीनिंग कमेटी ने शनिवार को पार्टी के संभावित उम्मीदवारों के नामों पर चर्चा की। मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने कहा कि टिकट वितरण की पूरी प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है तथा जीत की संभावना के आधार पर ही उम्मीदवारों का चयन होगा। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने कहा कि स्क्रीनिंग कमेटी ने सभी 200 सीट के बारे में चर्चा की। स्क्रीनिंग कमेटी के अध्यक्ष गौरव गोगोई और इसके सदस्यों के अलावा मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट, डोटासरा, विधानसभा अध्यक्ष एवं वरिष्ठ नेता सीपी जोशी और कुछ अन्य नेता इस बैठक में शामिल हुए।

बैठक से पहले सीएम गहलोत ने पत्रकारों से कहा कि टिकट का वितरण सर्वेक्षण से मिली जानकारी के आधार पर किया जाएगा। उन्होंने कहा, "सरकार के खिलाफ कोई लहर नहीं है। हमसे लोगों को कोई शिकायत भी नहीं है। अगर विधायक से किसी को शिकायत है तो सर्वेक्षण रिपोर्ट है। सर्वेक्षण के फीडबैक पर सबकुछ निर्भर करेगा।"

ये भी पढ़ें- Rajasthan Election 2023: राजस्थान में चलेगा अशोक गहलोत का जादू या मोदी मैजिक दिला पाएगा BJP को जीत?

बैठक के बाद गोविंद सिंह डोटासरा ने पत्रकारों से कहा, "सभी सीट के लिए प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से जो नाम आए थे, उनसे और सर्वेक्षण में आए नामों को मिलाकर चर्चा हुई। सभी सीट के संबंध में चर्चा हुई। अभी चर्चा जारी रहेगी। केंद्रीय चुनाव समिति जब बुलाएगी, तो हम आएंगे।" उन्होंने कहा कि 17 अक्टूबर को स्क्रीनिंग कमेटी की फिर से बैठक होगी। बता दें कि राजस्थान की सभी 200 विधानसभा सीट पर 25 नवंबर को मतदान होगा। जबकि मतगणना 3 दिसंबर को होगी।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।