Rajasthan Election 2023 : राज्यवर्धन सिंह राठौर ने BJP में 'ऑल इज वेल' का दावा किया, कहा-हम जीतने जा रहे

राठौड़ को राजस्थान भाजपा के हाई प्रोफाइल नेताओं में से एक माना जाता है। शूटिंग में ओलंपिक मेडल हासिल कर चुके राठौड़ दो बार सांसद का चुनाव जीत चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले कार्यकाल में वह केंद्र में मंत्री भी थे। वह उन कुछ सासंसदों में शामिल हैं, जिन्हें पार्टी ने इस बार विधानसभा चुनाव में उतारा है

अपडेटेड Oct 31, 2023 पर 4:05 PM
Story continues below Advertisement
राज्य में पेपर लीक के मामलों के बारे राठौड़ ने कहा कि पेपर लीक के कुल 22 मामले आए हैं। इनमें से 19 कांग्रेस के कार्यकाल से जुड़े हैं। इसका मतलब है कि कांग्रेस के शासन में पेपर लीक एक उद्योग बन गया है। ऐसे मामलों के पीछे उन लोगों का हाथ है, जिनका संबंध सत्ता में बैठे लोगों से है।

क्या विधानसभा चुनावों से पहले राजस्थान BJP में सबठीक चल रहा है? अगर आप राज्यवर्धन सिंह राठौर (Rajyavardhan Singh Rathore) की मानें तो पार्टी की राजस्थान इकाई में किसी तरह की दिक्कत नहीं है। राठौर सांसद हैं, लेकिन पार्टी ने उन्हें इस बार चुनावी मैदान में उतारा है। वह झोटवाड़ा सीट से चुनाव लड़ रहे हैं। हाल में टिकट बंटवारे को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं के विरोध के बारे में पूछने पर राठौड़ ने कहा कि सभी कार्यकर्ता सिर्फ चुनाव में जीत हासिल करना चाहते हैं। राठौड़ को राजस्थान भाजपा के हाई प्रोफाइल नेताओं में से एक माना जाता है। शूटिंग में ओलंपिक मेडल हासिल कर चुके राठौर दो बार सांसद का चुनाव जीत चुके हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिछले कार्यकाल में वह केंद्र में मंत्री भी थे। वह उन कुछ सासंसदों में शामिल हैं, जिन्हें पार्टी ने इस बार विधानसभा चुनाव में उतारा है।

पेपर लीक मामलों में कांग्रेस का हाथ

राज्य में पेपर लीक के मामलों के बारे राठौर ने कहा कि पेपर लीक के कुल 22 मामले आए हैं। इनमें से 19 कांग्रेस के कार्यकाल से जुड़े हैं। इसका मतलब है कि कांग्रेस के शासन में पेपर लीक एक उद्योग बन गया है। ऐसे मामलों के पीछे उन लोगों का हाथ है, जिनका संबंध सत्ता में बैठे लोगों से है। लेकिन, सबसे बड़ी बात यह है कि इससे राज्य के युवाओं को भारी नुकसान हो रहा है। पैसे और समय के लॉस के साथ ही उनका भरोसा घट रहा है। यह राज्य के युवाओं के साथ ज्यादती है। क्या आप युवाओं को यही चीज देना चाहते हैं? सरकार का कार्यकाल खत्म होने से दो दिन पहले कानून बनाए जा रहे हैं। यह हास्यस्पद है।


सख्त कार्रवाई से बदलेंगे हालात

यह पूछने पर कि भाजपा की सरकार बनने पर पेपर लीक के मामलों पर सरकार कैसे रोक लगाएगी, राठौड़ ने कहा कि यह बहुत आसान है। राजस्थान पब्लिक सर्विस कमीशन एक रिक्रूटमेंट एजेंसी है। इसका काम रिक्रूटमेंट करना है न कि घूस लेना और पैसे कमाना। सबसे पहले हमें इसे ठीक करना होगा। जो लोग इस काम के लिए जिम्मेदार हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। आप एक बार या दो बार गलती कर सकते हैं। लेकिन आपको एक सिस्टम बनाना ही पड़ेगा। दूसरी बात यह कि मामला सिर्फ पेपर लीक तक सीमित नहीं है। जल जीवन मिशन में जिस तरह के स्कैम हुए है, उसे भी रोकना होगा। अवैध खनन माफिया पर लगाम लगानी होगी। कई ऐसी चीजें हैं जिन्हें करना होगा।

लोगों की मानसिकता बदलने की जरूरत

महिलाओं के खिलाफ मामले बढ़ने के बारे में उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के प्रधानमंत्री बनने के बाद से महिलाओं को ताकतवर बनाने के लिए कई तरह के कदम उठाए गए हैं। जब हम बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की बात करते हैं तो हमारा मतलब लोगों की मानसिकता में बदलाव लाना होता है। समाज की सोच हमें बदलनी होगी। इंफ्रास्ट्रक्चर को बेहतर बनाने से ऐसे मामलों में कमी लाई जा सकती है। खुले में शौच की वजह से दुष्कर्म के कई मामले होते हैं। शौच के लिए महिलाओं को रात में घर से बाहर जाने को मजबूर होना पड़ता है। दुष्कर्म के मामले बढ़ने की यह एक बड़ी वजह है। यह एक सर्वे के नतीजे हैं। मैं ऐसा नहीं कह रहा हूं।

पार्टी में सब कुछ ठीक

राठौड़ के खिलाफ पार्टी कार्यकर्ताओं के विरोध के बारे में उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता हमारे साथ हैं। सिर्फ मुट्ठीभर लोग ऐसे हैं, जो किसी खास व्यक्ति से जुड़े हैं। इसकी संभवत: कुछ व्यक्तिगत वजहे हैं। हमारी पार्टी सिद्धांत के आधार पर चलती है। इसलिए आपको यह समझना पड़ेगा कि ऐसे कार्यकर्ताओं की बहुत बड़ी संख्या है, जो पार्टी के सिद्धांत पर भरोसा करते हैं। मेरा मानना है कि भाजपा की राजस्थान इकाई में सबकुछ ठीक है। हम चुनाव जीतने जा रहे हैं। विपक्ष को हमारे खिलाफ उम्मीवार तय करने तक में दिक्कत हो रही है। हमारी स्थिति बहुत मजबूत है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।