Rajasthan Election 2023: मुख्यमंत्री अशोक गहलोत (Ashok Gehlot) ने पूर्वी राजस्थान नहर परियोजना (ERCP) को केंद्रीय परियोजना का दर्जा नहीं दिए जाने को लेकर केंद्र सरकार और भारतीय जनता पार्टी (BJP) आलाकमान पर कटाक्ष किया। CM गहलोत ने सोमवार को कहा कि ‘आपका गुस्सा राजे से है, आप राजस्थान की जनता से क्यों धोखा कर रहे हो?’ इस बयान से उनका सीधा मतलब बीजेपी हाईकमान और वसुंधरा राजे के बीच चल रहे घमासन से था। गहलोत ने ERCP जनजागरण अभियान की शुरुआत के लिए बारां में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए ये बात कही।
केंद्र सरकार की तरफ से ERCP को राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा नहीं दिए जाने का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा, "क्योंकि वसुंधरा राजे से इनकी बनती नहीं है... ये उनका खुद का घरेलू मामला है.. हम उस पर कुछ नहीं कहना चाहते। गुस्सा आपको वसुंधरा राजे पर है आप राजस्थान की जनता से धोखा क्यों कर रहे हो? उनके साथ आप क्यों धोखा कर रहे हो?"
गहलोत के इस कटाक्ष को पूर्व मुख्यमंत्री राजे व BJP आलाकमान के बीच ‘कथित तनातनी’ की अटकलों पर कटाक्ष के रूप में देखा जा रहा है।
'प्रधानमंत्री ने राजस्थान के साथ धोखा किया'
राज्य में अगले महीने विधानसभा चुनाव होने हैं और सत्तारूढ़ कांग्रेस 13 जिलों को प्रभावित करने वाली ERCP को बड़ा मुद्दा बनाने की कोशिश कर रही है। इसके तहत उसने सोमवार को जन जागरण अभियान की शुरुआत की। इसमें पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे समेत दूसरे नेता मौजूद रहे।
गहलोत ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी अपने वादे से मुकरने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि 2019 के लोकसभा चुनाव में राज्य की जनता ने राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) को सभी 25 सांसद दिए इसके बावजूद ‘उनको तकलीफ है।’
मुख्यमंत्री ने कहा, "राजस्थान के साथ धोखा किया है प्रधानमंत्री मोदी जी ने, उनके सिपहसालारों ने।"
गहलोत ने कहा कि ERCP का काम पूर्ववर्ती वसुंधरा राजे सरकार के कार्यकाल में शुरू किया गया। इस परियोजना से दो लाख हेक्टेयर में सिंचाई होगी और 13 जिलों में पीने का पानी मिलेगा।
गहलोत ने कहा, "हम पांच साल से इसे राष्ट्रीय परियोजना का दर्जा देने की मांग कर रहे हैं, लेकिन केंद्र सरकार की जिद है कि इसे राष्ट्रीय परियोजना घोषित नहीं करेंगे। ये मुद्दा पूर्वी राजस्थान में घर-घर में पहुंच गया है।"
परियोजना को क्रियान्वित करने की अपनी सरकार की प्रतिबद्धता की ओर इशारा करते हुए गहलोत ने कहा, "पहले इस परियोजना के लिए 9,000 करोड़ रुपए का बजट रखा था, इस बार इसे बढ़ाकर 14,000 करोड़ रुपए कर दिया है।"
कार्यक्रम में कांग्रेस के महासचिव केसी वेणुगोपाल, राजस्थान के विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीपी जोशी, प्रदेश प्रभारी सुखजिंदर सिंह रंधावा, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा भी मौजूद थे। हालांकि, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट कार्यक्रम में शामिल नहीं हुए।