Rajasthan Election 2023: राजस्थान में आदर्श आचार संहिता के लागू होने के महज 48 घंटे में C-Vigil app पर राज्य भर से 500 से ज्यादा शिकायतें प्राप्त हुई हैं। इनमें जिला निर्वाचन अधिकारियों (रिटर्निंग ऑफिसर्स) ने 134 शिकायतों को सही पाया और उनका तय समय सीमा में निस्तारण किया। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रवीण गुप्ता ने पीटीआई को बताया कि विधानसभा चुनाव में यह ऐप खासा मददगार साबित हो रहा है। उन्होंने बताया कि प्रदेश में आदर्श आचार संहिता के लागू होने के महज 48 घंटे में 500 से ज्यादा शिकायतें प्राप्त हुई हैं, जिनमें से जिला निर्वाचन अधिकारियों ने 134 शिकायतों को सही पाया और उनका तय समय सीमा में निस्तारण किया।
उन्होंने कहा कि जिला निर्वाचन अधिकारियों ने 115 शिकायतें खारिज कर दीं, जबकि छह शिकायतें अभी जांच दलों और निर्वाचन अधिकारियों के द्वारा निर्णय के लिए लंबित हैं। उनके मुताबिक शेष 242 शिकायतों को जिला नियंत्रण कक्ष की टीम ने अपने स्तर पर खारिज कर दी।
गुप्ता ने कहा कि सी विजिल ऐप पर आदर्श आचार संहिता की सबसे ज्यादा 79 शिकायतें जयपुर जिले से प्राप्त हुईं। सबसे ज्यादा कार्यवाही भी जयपुर जिले के निर्वाचन अधिकारी ने की। उनके अनुसार यहां 37 शिकायतों का निस्तारण किया गया। उन्होंने बताया कि इस एप के माध्यम से अधिकतम सौ मिनट की समय सीमा में प्राप्त शिकायतों का समाधान किया जा सकता है।
मुख्य चुनाव अधिकारी ने बताया कि अब तक आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन की शिकायतों पर पर्याप्त सबूतों के अभाव में कड़ी कार्रवाई से बच जाते थे। उनका कहना था कि शिकायत के सत्यापन में तस्वीर या वीडियो के रूप में दस्तावेजी साक्ष्य की कमी भी बाधा थी लेकिन नया एप इन सभी कमियों को दूर करने का काम कर रहा है।
राजस्तान में अब 25 नवंबर को पड़ेंगे वोट
चुनाव आयोग ने बड़े पैमाने पर शादियों और सामाजिक कार्यक्रमों का हवाला देते हुए राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए मतदान की तारीख को बुधवार को 23 नवंबर से बदलकर 25 नवंबर कर दिया। एक बयान में चुनाव आयोग ने कहा कि मतदान की तारीख में बदलाव के लिए विभिन्न दलों और सामाजिक संगठनों ने आग्रह किया था।
बयान में कहा गया है कि 23 नवंबर को बड़े पैमाने पर शादी और सामाजिक कार्यक्रमों को ध्यान में रखते हुए मतदान की तारीख में बदलाव का निर्णय लिया गया है, क्योंकि उस दिन मतदान होने से बड़ी संख्या लोगों को असुविधा हो सकती है। आयोग ने कहा कि साजो सामान को लाने-ले जाने में दिक्कत हो सकती है तथा मतदान के दौरान मतदाताओं की भागीदारी भी कम रह सकती है।
मतगणना निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, 3 दिसंबर को ही होगी और उसी दिन चार अन्य राज्यों के विधानसभा चुनावों के लिए भी मतगणना होगी। आयोग ने सोमवार को राजस्थान, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम के लिए विधानसभा चुनावों के कार्यक्रम की घोषणा की थी।