Rajasthan Assembly Elections 2023: कांग्रेस (Congress) ने राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए 19 उम्मीदवारों की तीसरी लिस्ट जारी कर दी है, जिसमें कुल 13 मौजूदा विधायकों के नाम शामिल हैं। इस लिस्ट में भारतीय जनपा पार्टी (BJP) से निष्कासित मौजूदा विधायक शोभारानी कुशवाह का नाम भी है जो बुधवार को कांग्रेस में शामिल हुईं थी। इसके साथ ही पार्टी ने 2018 का विधानसभा चुनाव बहुजन समाज पार्टी (BSP) के टिकट पर जीत कर कांग्रेस में शामिल हुए दो विधायकों को भी अपना उम्मीदवार बनाया है। पंचायती राज मंत्री रमेश मीणा का नाम भी उम्मीदवारों की इस लिस्ट में है।
राजस्थान की 200 सीटों के लिए 25 नवंबर को मतदान होना है। कांग्रेस अब तक तीन लिस्ट में कुल 95 उम्मीदवारों की घोषणा कर चुकी है। पार्टी की ओर से जारी ताजा लिस्ट में शामिल मौजूदा विधायकों में तारानगर से नरेंद्र बुडानिया, सीकर से राजेंद्र पारीक, सपोटरा से रमेश मीणा, बांदीकुई से गजराज खटाना, मसूदा से राकेश पारीक, देवली उनियारा से हरीश चंद्र मीणा, बगरू से गंगादेवी, पचपदरा से मदन प्रजापत, बारां अटरू से पानाराम मेघवाल का नाम है।
BSP से कांग्रेस में शामिल होने वाले वाजिब अली को नगर तथा लाखन मीणा को करौली से टिकट दिया गया है। निर्दलीय विधायक रामकेश मीणा को भी गंगापुर से टिकट दिया गया है। पार्टी ने BJP की निष्कासित विधायक शोभारानी कुशवाह को उनकी धौलपुर सीट से ही उम्मीदवार बनाया है। वहीं सहाड़ा से विधायक गायत्री देवी का टिकट काटकर उनके ही परिवार से रविंद्र त्रिवेदी को मौका दिया गया है।
इस लिस्ट में केशोरायपाटन सीट से सीएल प्रेमी एवं रतनगढ़ से पूसाराम गोदारा को टिकट दिया गया है जो 2018 का विधानसभा चुनाव निर्दलीय लड़े थे और हार गए थे। सूरजगढ़ सीट से श्रवण कुमार को फिर मौका दिया गया है। वह इस सीट से पिछली बार कांग्रेस के टिकट पर चुनाव हार गए थे। वहीं रेवदर सीट पर मोतीराम कोली नया चेहरा हैं।
कांग्रेस ने इससे पहले 33 एवं 43 उम्मीदवारों की दो लिस्ट जारी की थी। अब तक पार्टी कुल 95 उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। राज्य की 200 सदस्यीय विधानसभा के लिए 25 नवंबर को मतदान होगा और मतगणना 3 दिसंबर को होगी।
बीजेपी और कांग्रेस के बाद अब आम आदमी पार्टी (AAP) ने भी राजस्थान विधानसभा चुनाव के लिए 23 उम्मीदवारों की अपनी पहली लिस्ट जारी कर दी है। डॉ. हरीश रहेजा को गंगानगर विधानसभा क्षेत्र से टिकट मिला है। जबकि राजेंद्र मावर पिलानी से और देवेंद्र कटारा डूंगरपुर से चुनाव लड़ेंगे। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने घोषणा की थी कि AAP तीन राज्यों राजस्थान, छत्तीसगढ़ और मध्य प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव लड़ेगी।