Sikkim Election Date 2024: सिक्किम में विधानसभा चुनावों और लोकसभा चुनावों के लिए तारीख की घोषणा हो गई है। चुनाव आयोग (Election Commission of India) ने 16 मार्च को लोकसभा चुनाव 2024 (Lok Sabha Chunav 2024) के लिए फेज और तारीखों की घोषणा की। साथ ही 4 राज्यों के विधानसभा चुनाव, लोकसभा चुनावों के साथ ही होने का ऐलान किया। ये 4 राज्य, ओडिशा, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और आंध्र प्रदेश हैं।
चुनाव आयोग ने बताया कि पूरे देश में लोकसभा चुनाव 7 चरणों में होंगे, जिसमें से पहले चरण की तारीख 19 अप्रैल को सिक्किम में लोकसभा के साथ-साथ 32 विधानसभा सीटों पर भी वोट डाले जाएंगे। सिक्किम विधानसभा चुनावों (Sikkim Assembly Elections) के लिए गजट नोटिफिकेशन 20 मार्च को जारी होगा और नॉमिनेशन करने की आखिरी तारीख 27 मार्च होगी।
वोटों की गिनती 4 जून को होगी। इस दिन 4 राज्यों के विधानसभा चुनावों के साथ-साथ लोकसभा चुनावों के नतीजे भी सामने आएंगे। सिक्किम में लोकसभा सीट केवल एक ही है।
पूरे देश में लोकसभा चुनाव के 7 चरण
साल 2019 के लोकसभा चुनाव में भी सात चरणों में मतदान हुआ था। साल 2019 के लोकसभा चुनावों में सिक्किम में 4,23,325 वोटर थे। 2019 में सिक्किम में लोकसभा चुनाव सिंगल फेज में 19 अप्रैल 2019 को हुए थे। वोटों की गिनती 23 मई 2019 को हुई थी।
मुख्य निर्वाचन आयुक्त राजीव कुमार (Rajeev Kumar) ने बताया कि 18वीं लोकसभा के गठन के लिए चुनाव कार्यक्रम घोषित होने के साथ ही देश में आचार संहिता तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इसके साथ ही सरकार ऐसा कोई नीतिगत फैसला नहीं कर सकेगी, जो मतदाताओं के फैसले को प्रभावित कर सके। लोकसभा चुनाव 2024 में कुल 97 करोड़ रजिस्टर्ड वोटर हैं। इनमें से 49.7 करोड़ पुरुष, 47.1 करोड़ महिलाएं और 48 हजार ट्रांसजेंडर शामिल हैं। साल 2019 के चुनाव में मतदाताओं की कुल संख्या 90 करोड़ थी।