Telangana Elections 2023: राहुल गांधी बोले- 'KCR विधानसभा चुनाव हारने वाले हैं, क्योंकि ये राजा-प्रजा के बीच लड़ाई है'

Telangana Elections 2023: कांग्रेस नेता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) KCR को छोड़कर सभी विपक्षी नेताओं पर हमला करती है और प्रवर्तन निदेशालय (ED), केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) एवं आयकर विभागों का इस्तेमाल कर उनके खिलाफ मामले दर्ज करती है। उन्होंने कहा कि जब वह देश में जाति जनगणना का मुद्दा उठाते हैं तो न तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न ही केसीआर इस पर कुछ बोलते हैं

अपडेटेड Oct 19, 2023 पर 3:53 PM
Story continues below Advertisement
Telangana Elections 2023: कांग्रेस नेता ने पूछा कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री के खिलाफ कोई जांच क्यों नहीं होती?

Telangana Assembly Elections 2023: कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) ने गुरुवार को कहा कि वह इस बात को महसूस कर रहे हैं कि मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव (KCR) के नेतृत्व वाली भारत राष्ट्र समिति (BRS) तेलंगाना में विधानसभा चुनाव हारने जा रही है। राज्य में कांग्रेस की जारी 'विजयभेरी' यात्रा के दौरान भूपालपल्ली से पेद्दापल्ली के रास्ते में एक नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि आगामी चुनावी लड़ाई दोराला (सामंती) तेलंगाना और प्रजाला (जनता) तेलंगाना के बीच है। कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष ने कहा, "मुझे लगता है कि KCR चुनाव हारने वाले हैं। यह दोराल तेलंगाना और प्रजाला तेलंगाना…राजा और प्रजा के बीच लड़ाई है।"

राहुल गांधी ने सीएम चंद्रशेखर राव पर निशाना साधते हुए कहा कि 10 साल बाद भी तेलंगाना के मुख्यमंत्री लोगों से दूरी बनाए हुए हैं। तेलंगाना में बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए राहुल ने KCR का जिक्र करते हुए कहा कि राज्य में सारा नियंत्रण सिर्फ एक परिवार के पास है। तेलंगाना में 30 नवंबर को विधानसभा चुनावों के लिये मतदान होना है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (BJP) KCR को छोड़कर सभी विपक्षी नेताओं पर हमला करती है और प्रवर्तन निदेशालय (ED), केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) एवं आयकर विभागों का इस्तेमाल कर उनके खिलाफ मामले दर्ज करती है। उन्होंने कहा कि जब वह देश में जाति जनगणना का मुद्दा उठाते हैं तो न तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और न ही केसीआर इस पर कुछ बोलते हैं।


राहुल गांधी और उनकी बहन प्रियंका गांधी वाड्रा बुधवार को मुलुगु में एक चुनावी रैली में शामिल हुए थे। इस दौरान सत्तारूढ़ BRS और भारतीय जनता पार्टी पर हमला करते हुए आरोप लगाया कि दोनों के बीच 'गुप्त साठगांठ' है।

उन्होंने कहा कि BJP चाहती है कि BRS तेलंगाना चुनाव जीते। उन्होंने आरोप लगाया कि BJP, BRS तथा असदुद्दीन ओवैसी की ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) कांग्रेस को हराने के लिए एक साथ मिलकर काम कर रही हैं।

कांग्रेस नेता की टिप्पणी पर पलटवार करते हुए ओवैसी ने कहा कि जैसा कि अनुमान लगाया गया था, राहुल गांधी का 'बी-टीम अभियान' शुरू हो गया है। ओवैसी ने पूछा कि उन्होंने अपनी अमेठी लोकसभा सीट BJP को उपहार क्यों दी।

ये भी पढ़ें- Telangana Elections 2023: राहुल गांधी बोले- 'KCR विधानसभा चुनाव हारने वाले हैं, क्योंकि ये राजा-प्रजा के बीच लड़ाई है'

ओवैसी ने बीती रात X पर एक पोस्ट में कहा, "अनुमान के मुताबिक राहुल बाबा का 'बी टीम' वाला रोना शुरू हो गया है। उन्होंने अपनी अमेठी लोकसभा सीट भाजपा को त्योहार में क्यों दे दी। तेलंगाना में BJP इतनी कमजोर क्यों है अगर उसके पास यहां बी-टीम है? बाबा को एक 'सुरक्षित सीट' ढूंढने के लिए वायनाड क्यों जाना पड़ा?"

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।