उत्तर प्रदेश की 9 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनावों में मुरादाबाद जिले की कुंदरकी सीट बीजेपी की झोली में आ गई है। बीजेपी ने 31 साल बाद इस सीट पर जीत हासिल की है। वह भी तब, जब इस सीट पर 65 प्रतिशत मुस्लिम मतदाता थे, जिन्हें निर्णायक वोटर्स माना जाता है। कुंदरकी सीट को बीजेपी के लिए सबसे मुश्किल सीट माना जा रहा था। इसकी सबसे बड़ी वजह यह थी कि पिछले कई सालों से यहां सपा का ही परचम लहरा रहा था।
उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के प्रत्याशी रामवीर सिंह ने समाजवादी पार्टी (सपा) के मोहम्मद रिजवान को 1,44,791 वोटों के भारी अंतर से हराकर जीत हासिल की। निर्वाचन आयोग के अनुसार, रामवीर सिंह को 1,70,371 वोट मिले। मोहम्मद रिजवान को 25,580 वोट हासिल हुए और भारी अंतर से हारने के चलते उनकी जमानत जब्त हो गई।
इस वर्ष कुंदरकी सीट से विधायक जियाउर रहमान (सपा) के लोकसभा चुनाव में संभल संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित होने के बाद यह सीट खाली हुई थी। लेकिन सवाल यह है कि आखिर सपा का गढ़ कही जाने वाली इस सीट पर कमल खिला कैसे?
विकास की आस में इस बार बीजेपी पर जताया भरोसा
कहा जा रहा है कि कुंदरकी सीट पर इस बार मुस्लिम मतदाताओं ने बदलाव का मन बनाया। मुस्लिम मतदाताओं का कहना है कि पिछले 31 सालों से उनके क्षेत्र में कोई विकास कार्य नहीं हुआ, इसलिए इस बार उन्होंने बीजेपी के प्रतिनिधि पर भरोसा जताया है। अब 31 वर्ष बनाम 31 महीने का लक्ष्य है। क्षेत्र में विकास कार्य की आस में विधायक के कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई है। बीजेपी ने शुरू से ही 65 प्रतिशत निर्णायक मुस्लिम वोटर्स को साधने का काम किया। अब देखना यह है कि बीजेपी के विधायक कुंदरकी के लोगों की उम्मीदों पर कितना खरा उतरते हैं।
'नतीजे जातिवादी, क्षेत्रवादी और धर्म आधारित राजनीति करने वालों के मुंह पर तमाचा'
भारतीय जनता पार्टी की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने कुंदरकी सीट पर बीजेपी की जीत पर कहा कि ये नतीजे जातिवादी, क्षेत्रवादी और धर्म आधारित राजनीति करने वालों के मुंह पर तमाचा हैं। कुंदरकी में जनादेश प्रधानमंत्री के ‘सबका साथ, सबका विकास’ के दृष्टिकोण के समर्थन में एक स्पष्ट संदेश है। उन्होंने यूपी उपचुनावों में 9 में से 7 सीटों पर बीजेपी की जीत पर कहा, “मैं उत्तर प्रदेश की महान जनता के फैसले का सम्मान करता हूं। उन्होंने पीएम नरेंद्र मोदी, सीएम योगी आदित्यनाथ और बीजेपी की नीतियों पर अपना भरोसा जताया है और हमें स्नेह और आशीर्वाद दिया है। इसके लिए मैं उनका हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।” आगे कहा कि जनता और गरीबों के कल्याण के उद्देश्य से हमारी नीतियां पूरी ताकत के साथ आगे बढ़ती रहेंगी।”