आइये जानें कि बिजनेस के लिए ई-वे बिल जनरेट करना क्यों ज़रूरी है?

ई-वे बिल सिस्टम बिजनेस के लिए बेहद फायदेमंद है। इससे कागजी कार्रवाई कम हो जाती है और चेकपॉइंट पर होने वाली देरी भी कम होती है। इसके अलावा, ई-वे बिल सीधे तौर पर GST पोर्टल से जुड़े होते हैं। इस तरह के इंटीग्रेशन से समय की बचत होती है और GST रिटर्न फाइल करते समय गलतियों से बचा जा सकता है।

अपडेटेड Feb 06, 2025 पर 1:29 PM
Story continues below Advertisement

ई-वे बिल सिस्टम के तहत वाहनों पर रेडियो फ्रीक्वेंसी आइडेंटिफिकेशन (RFID) टैग या डिवाइस लगाया जाता है, जिससे सामानों की आवाजाही पर हर समय नज़र रखना संभव हो पाता है। इस तरह की निगरानी से सरकारी अधिकारियों को काफी मदद मिलती है, क्योंकि इससे नियमों का सख़्ती से पालन होता है और टैक्स की चोरी कम हो जाती है।

लेकिन, बिजनेस के लिए यह कैसे फायदेमंद है? क्या ई-वे बिल सिस्टम से विक्रेताओं और ट्रांसपोर्टरों को सचमुच कोई फायदा मिलता है? आइए इस बारे में जानें।

चेकपॉइंट पर वेरीफिकेशन और देर होने के झंझट से छुटकारा


भारत में ई-वे बिल सिस्टम की शुरुआत से पहले, ट्रांसपोर्टरों को अलग-अलग राज्यों की परमिट और दस्तावेज़ों पर निर्भर रहना पड़ता था। हर चेकपॉइंट पर उनका अलग से वेरीफिकेशन किया जाता था, जिसके कारण सामानों की आवाजाही में काफी देरी होती थी।

लेकिन अब ई-वे बिल सिस्टम आने के बाद, इससे जुड़ी पूरी कागजी कार्रवाई को डिजिटल कर दिया गया है। इससे चेकपॉइंट पर मैन्युअल तरीके से जाँच में कमी आई है, क्योंकि अब असल दस्तावेज़ों का बार-बार वेरीफिकेशन नहीं किया जाता है। अब अधिकारी इलेक्ट्रॉनिक सिस्टम की मदद से डेटा को तुरंत एक्सेस कर सकते हैं।

इससे इंतज़ार में लगने वाले समय में कमी आई है, साथ ही इससे लागत में कमी और ग्राहकों की बेहतर संतुष्टि का फायदा व्यवसायों को भी मिला है।

कागजी कार्रवाई और प्रशासनिक लागत में कमी

अभी तक, ट्रांसपोर्टरों को हरेक शिपमेंट के लिए निम्नलिखित दस्तावेज़ों को साथ रखना पड़ता था:

● असली इनवॉइस

● अलग-अलग तरह के फॉर्म

● ट्रांसपोर्ट परमिट

इससे कागजी कार्रवाई बहुत ज़्यादा हो गई थी, जिनमें अक्सर गलतियाँ होती रहती थीं। हर राज्य को अलग-अलग तरह के दस्तावेज़ों की ज़रूरत होती थी, जिससे समस्या और भी जटिल हो गई थी।

अब, ई-वे बिल सिस्टम की मदद से सभी ज़रूरी डेटा ऑनलाइन अपलोड किए जाते हैं, जिन्हें इलेक्ट्रॉनिक तरीके से स्टोर किया जाता है। ट्रांसपोर्टरों को सिर्फ़ एक डिजिटल या प्रिंटेड ई-वे बिल दिखाने की ज़रूरत होती है। इसमें एक ही दस्तावेज़ में शिपमेंट की सभी जानकारी मौजूद होती है। इससे व्यवसायों को निम्नलिखित तरीकों से मदद मिलती है:

● बार-बार कागजी कार्रवाई की ज़रूरत नहीं रहती है

● लेखन संबंधी गलतियाँ कम होती हैं

● प्रशासनिक लागत में कमी आती है

इस तरह की सुविधा से ऑनलाइन मार्केटप्लेस या फिजिकल स्टोर्स पर लगातार अधिक मात्रा में बिक्री करने वालों का प्रशासनिक बोझ काफी हद तक कम हो जाता है।

नियमों को मानें और उसके अनुरूप काम करें

GST अधिनियम की धारा 60 के अनुसार, परिवहन किए जाने वाले सामानों का मूल्य 50,000 रुपये से ज़्यादा होने पर आपको ई-वे बिल जेनरेट करना होगा। इसका मतलब यह हुआ कि GST के नियमों का पालन करने के लिए, दिए गए EWB-01 फॉर्मेट में समय पर ई-वे बिल जेनरेट करना बेहद ज़रूरी है।

ऐसा नहीं करने पर 10,000 रुपये तक या टैक्स की रकम के बराबर जुर्माना लगाया जा सकता है। इसके अलावा, नियमों का पालन नहीं करने पर सामान या वाहन भी जब्त किए जा सकते हैं। इससे आर्थिक नुकसान तो होता ही है, साथ ही कानूनी उलझनों का भी सामना करना पड़ता है।

GST रिटर्न फाइल करने में आसानी

ई-वे बिल सीधे तौर पर GST रिटर्न से जुड़े होते हैं। ई-वे बिल जेनरेट करते समय, GST सिस्टम में कई जानकारी ऑटोमेटिक तरीके से सेव हो जाती है, जैसे कि:

● इनवॉइस नंबर

● ट्रांसपोर्ट किये जा रहे सामान का मूल्य

● HSN कोड

● टैक्स की रकम

इस तरह के ऑटोमेशन की सुविधा के कारण, आपको GST रिटर्न फाइल करते समय उसी जानकारी को दोबारा भरने की ज़रूरत नहीं होती है। इससे गलतियाँ कम होती हैं और समय की बचत होती है। साथ ही, इस तरह के इंटीग्रेशन की वजह से आपके ट्रांसपोर्ट रिकॉर्ड आपके टैक्स संबंधी से मेल खाते हैं, इसलिए किसी गलती या जुर्माने की गुंजाइश नहीं रहती है।

इसके अलावा, लोन के लिए आवेदन करने पर, बैंक और NBFCs इस बात पर गौर करते हैं कि आपने GST नियमों का पालन किया है या नहीं। GST से संबंधित मामलों की जाँच-पड़ताल के बिना साफ-सुथरा रिकॉर्ड, लोन देने वाले संस्थानों के लिए जोखिम को कम करता है और आपको अनुकूल शर्तों पर बिजनेस लोन पाने की सुविधा मिलती है।

ई-वे बिल कैसे जनरेट करें

ऑनलाइन EWB वेब पोर्टल - www.ewaybillgst.gov.in के ज़रिये बड़ी आसानी से ई-वे बिल जेनरेट किया जा सकता है। इसके लिए बस नीचे दिए गए चरणों का पालन करें:

● अपने GST क्रेडेंशियल्स का उपयोग करके EWB वेब-पोर्टल पर लॉग-इन करें।

● भेजने वाले (कन्साइनर), प्राप्त करने वाले (कन्साइनी) और ट्रांसपोर्ट किए जा रहे सामान की जानकारी भरें।

● ट्रांसपोर्ट संबंधी जानकारी, जैसे कि गाड़ी का नंबर या ट्रांसपोर्टर ID भरें।

● ई-वे बिल जनरेट करने के लिए जानकारी सबमिट करें।

सारे विवरण भरकर उसे सबमिट करने के बाद, सिस्टम एक यूनिक ई-वे बिल नंबर (EBN) के साथ एक ई-वे बिल जेनरेट करता है। आप ट्रैकिंग के लिए इस नंबर का उपयोग कर सकते हैं।

निष्कर्ष

ई-वे बिल सिस्टम बिजनेस के लिए बेहद फायदेमंद है। इससे कागजी कार्रवाई कम हो जाती है और चेकपॉइंट पर होने वाली देरी भी कम होती है। इसके अलावा, ई-वे बिल सीधे तौर पर GST पोर्टल से जुड़े होते हैं। इस तरह के इंटीग्रेशन से समय की बचत होती है और GST रिटर्न फाइल करते समय गलतियों से बचा जा सकता है।

इस तरह, ई-वे बिल सिस्टम सामानों की आवाजाही को आसान बना देता है, साथ ही बिजनेस की क्षमता को बढ़ाकर उसकी प्रगति में भी योगदान देता है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।