सितंबर में अमेरिकी कंपनी Oracle Corp. के स्टॉक में AI की वजह से जबरदस्त रैली आई। इसने को-फाउंडर लैरी एलिसन को कुछ समय के लिए दुनिया का सबसे अमीर आदमी बना दिया। लेकिन अब शेयर लंबे समय से गिरावट में है और इसके चलते एलिसन की नेट वर्थ को 130 अरब डॉलर का नुकसान हुआ है। ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स में एलिसन अब दुनिया के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं।
Alphabet Inc. के को-फाउंडर लैरी पेज दूसरे नंबर पर और एलॉन मस्क पहले नंबर पर हैं। लैरी पेज की नेट वर्थ 256.9 अरब डॉलर है, जो अब तक की उनकी सबसे ज्यादा नेट वर्थ है। वहीं मस्क की नेट वर्थ 421.8 अरब डॉलर है। लैरी एलिसन की नेटवर्थ 253.3 अरब डॉलर है।
एक झटके में 89 अरब डॉलर बढ़ गई थी एलिसन की नेट वर्थ
ब्लूमबर्ग के मुताबिक, ओरेकल ने सितंबर में अपने AI-एडजासेंट क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर बिजनेस की बढ़ती डिमांड के बारे में बताया। इसके बाद 10 सितंबर को ओरेकल के शेयर 36% बढ़ गए। इससे एलिसन की नेट वर्थ में 89 अरब डॉलर का इजाफा हुआ। लेकिन सिर्फ दो महीने के अंदर ही यह गेन खत्म हो गया। ओरेकल के AI लक्ष्य OpenAI से बहुत करीब से जुड़े हैं। कंपनी अगले कुछ सालों में OpenAI से सैकड़ों अरब डॉलर के रेवेन्यू की आस में है।
ओरेकल ने डेट फाइनेंसिंग पर ज्यादा जोर दिया है। यह AI डेटा सेंटर कंस्ट्रक्शन के लिए 38 अरब डॉलर का बॉन्ड ऑफर करने की तैयारी कर रही है, जबकि इसका नेट एडजस्टेड डेट पहले से ही 100 अरब डॉलर के आसपास है। सितंबर के पीक के बाद से कंपनी के शेयरों में लगातार छह हफ्ते गिरावट देखी गई है। शुक्रवार को इसका स्टॉक अपने ऑल-टाइम हाई से 39% नीचे 198.76 डॉलर पर बंद हुआ।
अल्फाबेट के शेयर इस साल 58% बढ़े
ब्लूमबर्ग के मुताबिक, इस बीच, अल्फाबेट के शेयर इस साल 58% बढ़ गए हैं। शुक्रवार को शेयर 3.5% चढ़ा। यह अल्फाबेट के जेमिनी AI मॉडल के लिए अच्छे रिव्यू की लहर के बाद हुआ है, जिससे यह उम्मीद जगी है कि यह एंथ्रोपिक और ओपनएआई जैसे साथियों के साथ मुकाबला कर सकता है। ब्लूमबर्ग के वेल्थ इंडेक्स के अनुसार, इससे 2025 में लैरी पेज की नेट वर्थ में 88.6 अरब डॉलर का इजाफा होने में मदद मिली।