उद्योगपति गौतम अदाणी (Gautam Adani) के अदाणी ग्रुप (Adani Group) ने मीडिया सेक्टर में अपना विस्तार करते हुए समाचार एजेंसी IANS इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में बहुलांश हिस्सेदारी खरीद ली। इस सौदे की राशि का अभी खुलासा नहीं हुआ है। अदाणी एंटरप्राइजेज (Adani Enterprises) ने शेयर बाजार को बताया कि उसकी सब्सिडियरी AMG Media Networks Ltd (AMNL) ने IANS इंडिया प्राइवेट लिमिटेड के 50.50 प्रतिशत इक्विटी शेयरों को खरीदा है। इससे पहले अदाणी ग्रुप क्विंटिलियन बिजनेस मीडिया (Quintillion Business Media) और NDTV को खरीद चुका है।
क्विंटिलियन बिजनेस मीडिया को मार्च 2022 में खरीदा गया था और इसके साथ अदाणी ग्रुप ने मीडिया कारोबार में कदम रखा था। क्विंटिलियन बिजनेस मीडिया, डिजिटल मीडिया प्लेटफॉर्म BQ Prime का संचालन करता है।इसके बाद दिसंबर 2022 में AMNL ने ब्रॉडकास्टर NDTV में लगभग 65 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल कर ली।
AMNL ही नियुक्त करेगी डायरेक्टर्स
फाइलिंग में आगे कहा गया कि AMNL ने IANS और IANS के एक शेयरधारक संदीप बामजई के साथ, IANS से जुड़ा एक शेयरधारक समझौता भी किया है। वित्त वर्ष 2022-23 में IANS का रेवेन्यू 11.86 करोड़ रुपये था। अदाणी एंटरप्राइजेज की ओर से कहा गया है कि IANS के सभी ऑपरेशनल और मैनेजमेंट कंट्रोल AMNL के पास होंगे। AMNL के पास IANS के सभी डायरेक्टर्स को नियुक्त करने का अधिकार भी होगा। इस खरीद के बाद अब IANS, AMNL की सब्सिडियरी है।
फिर शुरू हो रहा NDTV Profit
नवंबर माह में खबर आई थी कि NDTV ने 6 साल बाद फिर से अपना बिजनेस न्यूज चैनल NDTV Profit शुरू करने का फैसला किया है। इसके लिए कंपनी के बोर्ड की मंजूरी मिल गई है। शेयर बाजारों को दी गई सूचना में कहा गया था कि चैनल 8 दिसंबर 2023 से शुरू होगा। NDTV Profit को 1 जून 2017 को बंद कर दिया गया था।