Dharma Productions-Serene Productions Deal: अदार पूनावाला की अगुवाई वाली सेरेन प्रोडक्शंस करण जौहर की कंपनी धर्मा प्रोडक्शंस और धर्माटिक एंटरटेनमेंट (धर्मा) में 50 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करने जा रही है। यह हिस्सेदारी 1,000 करोड़ रुपये में खरीदी जाएगी। अदार पूनावाला वैक्सीन बनाने वाली कंपनी सीरम इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया के सीईओ हैं। सेरेन प्रोडक्शंस ने एक बयान में इस समझौते की घोषणा की। डील के बाद सेरेन प्रोडक्शंस और करण जौहर दोनों के पास, धर्मा में 50-50 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी।
बयान में कहा गया, ‘‘पूनावाला के निवेश से धर्मा की वैल्यूएशन 2,000 करोड़ रुपये आंकी गई है।’’ अदार पूनावाला ने निवेश पर कहा कि हमें उम्मीद है कि हम धर्मा को आगे और विकसित करेंगे और आने वाले वर्षों में इसे और भी ऊंचाइयों तक ले जाएंगे। जौहर ने सेरेन प्रोडक्शंस के निवेश पर कहा, ‘‘यह साझेदारी हमारी भावनात्मक कहानी पेश करने की क्षमता और दूरदर्शी कारोबारी रणनीतियों का आदर्श मेल है। यह ग्लोबल एंटरटेनमेंट के भविष्य को अपनाते हुए हमारी जड़ों का सम्मान करने के बारे में है।’’
नए स्ट्रक्चर के तहत क्या रहेंगी जिम्मेदारियां
बयान में कहा गया है कि नए स्ट्रक्चर के तहत एग्जीक्यूटिव चेयरमैन के रूप में करण जौहर कंपनी के क्रिएटिव विजन का नेतृत्व करेंगे, जबकि सीईओ के रूप में अपूर्व मेहता रणनीतिक दिशा को आगे बढ़ाने और ऑपरेशंस की देखरेख करने में जौहर के साथ मिलकर काम करेंगे। इस सहयोग का उद्देश्य एडंवास्ड टेक्नोलोजिज और अग्रणी प्रोडक्शन मेथड्स को इंटीग्रेट करके कंटेंट क्रिएशन, डिस्ट्रीब्यूशन और ऑडियंस इंगेजमेंट में और अधिक बदलाव लाना है।
यह डेवलपमेंट ऐसे समय में हुआ है, जब भारत की एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री ने बड़े पैमाने पर एक्सपेंशन देखा है। डिजिटल की पैठ बढ़ रही है और अलग-अलग तरह की ऑडियंस विभिन्न प्लेटफार्म्स पर हाई क्वालिटी कंटेंट की मांग कर रही है।