त्योहार शुरू होने पहले महंगे होंगे AC, TV, फ्रिज, वॉशिंग मशीन; दाम 5-8% तक बढ़ाने की तैयारी

इस साल यह तीसरा मौका होगा, जब कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियां दाम बढ़ाएंगी। कई कंपनियां अलग-अलग कैटेगरीज में कीमतें 4-10 प्रतिशत बढ़ाने की घोषणा कर चुकी हैं। कुछ कंपनियां अभी स्थिति का आकलन कर रही हैं

अपडेटेड Sep 27, 2026 पर 12:20 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
कई कंपनियों का मानना है कि कीमत बढ़ाने से मांग पर असर पड़ सकता है।

त्योहारी सीजन से पहले देश में एयर कंडीशनर (AC), LED TV, फ्रिज, वॉशिंग मशीन जैसे सामान महंगे हो सकते हैं। प्रमुख कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियां 1 अक्टूबर से अपने उत्पादों के दाम 5 से 8 प्रतिशत तक बढ़ाने की तैयारी कर रही हैं। कंपनियों के मुताबिक, तांबा, एल्युमीनियम, स्टील, प्लास्टिक और कच्चे तेल से जुड़े उत्पादों की बढ़ती लागत के साथ-साथ माल ढुलाई खर्च और विदेशी मुद्रा में उतार-चढ़ाव के कारण कीमतें बढ़ाना जरूरी हो गया है। इस साल यह तीसरा मौका होगा, जब कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनियां दाम बढ़ाएंगी। पश्चिम एशिया में चल रहे तनाव के चलते कच्चे माल की लागत काफी बढ़ गई है।

न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, AC की कीमतों में जहां करीब 5 से 8 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की संभावना है, वहीं कुछ कंपनियां वॉशिंग मशीन, रेफ्रिजरेटर और LED TV के दाम 3 से 4 प्रतिशत बढ़ाने जा रही हैं। हालांकि, कुछ कंपनियां अभी स्थिति का आकलन कर रही हैं। कई कंपनियों का मानना है कि कीमत बढ़ाने से मांग पर असर पड़ सकता है। वहीं कुछ अन्य की राय है कि कीमत वृद्धि का असर सीमित रहेगा, क्योंकि डीलर्स और डिस्ट्रीब्यूटर्स के पास पहले ही पुराने दाम का स्टॉक है।

ब्लू स्टार, गोदरेज अप्लायंसेज, हायर, डाइकिन और सुपर प्लास्ट्रॉनिक्स समेत कई कंपनियां अलग-अलग कैटेगरीज में कीमतें 4-10 प्रतिशत बढ़ाने की घोषणा कर चुकी हैं। LG और बॉश होम कम्फर्ट ने भी AC की कीमतों में करीब 5 प्रतिशत की बढ़ोतरी की है। पैनासोनिक अभी कीमत बढ़ाने को लेकर स्थिति का आकलन कर रही है।


कीमतों में 5 से 7 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करना हुआ जरूरी

पीटीआई के मुताबिक, ब्लू स्टार के मैनेजिंग डायरेक्टर बी. त्यागराजन का कहना है कि कमोडिटी की बढ़ती कीमतों के कारण एसी और डीप फ्रीजर की कीमतें पहले ही 5 से 8 प्रतिशत बढ़ाई जा चुकी हैं। अमेरिका-ईरान युद्ध के कारण तांबा, स्टील और प्लास्टिक समेत कच्चे माल के दाम चढ़ गए हैं। कंपनी इस साल अब तक 3 बार कीमतें बढ़ा चुकी है।

गोदरेज एंटरप्राइजेज ग्रुप के बिजनेस हेड और एग्जीक्यूटिव वाइस प्रेसिडेंट, अप्लायंसेज बिजनेस कमल नंदी ने कहा कि कीमतों में पिछले बदलाव के बाद कमोडिटी की लागत में 8 से 10 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। ऐसे में विभिन्न कैटेगरीज में कीमतों में 5 से 7 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी करना जरूरी हो गया है। हालांकि, पुराने दाम पर खरीदा गया स्टॉक करीब एक से डेढ़ महीने तक बाजार में उपलब्ध रह सकता है।

Tata Motors की गाड़ियां हो सकती हैं और महंगी, कमोडिटी की बढ़ती लागत मार्जिन पर डाल रही दबाव

Haier 5 प्रतिशत महंगे करेगी एसी, दिसंबर और जनवरी में भी बढ़ा सकती है दाम

हायर इंडिया के प्रेसिडेंट एन.एस. सतीश का कहना है कि कंपनी 1 अक्टूबर से एसी की कीमतों में करीब 5 प्रतिशत की वृद्धि करेगी। अन्य उत्पादों जैसे एलईडी टीवी, वॉशिंग मशीन आदि की कीमतों में भी 2 से 3 प्रतिशत की बढ़ोतरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि यदि कच्चे माल की लागत बढ़ती रही, तो दिसंबर और जनवरी में भी कीमतें बढ़ाई जा सकती हैं।

उनका कहना है कि अगर कीमतें बढ़ाने से बचते हैं, तो नुकसान होगा। अगर कीमतें बढ़ाते हैं, तो बिक्री पर थोड़ा असर पड़ सकता है, लेकिन कोई चारा नहीं है। सतीश के मुताबिक, तांबे की कीमत पिछले साल के करीब 8,000-9,000 डॉलर प्रति टन से बढ़कर लगभग 14,500 डॉलर प्रति टन तक पहुंच गई है। एक एसी में औसतन 3 से 4 किलोग्राम तांबे का इस्तेमाल होता है। इसलिए इसका असर एसी की मैन्युफैक्चरिंग कॉस्ट पर सीधे पड़ रहा है।

डाइकिन 16 सितंबर से 10 प्रतिशत तक बढ़ा चुकी है कीमतें

डाइकिन एयरकंडीशनिंग इंडिया के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर कंवलजीत जावा का कहना है कि कंपनी ने 16 सितंबर से ही कीमतों में 8 से 10 प्रतिशत की बढ़ोतरी कर दी है। तांबे की कीमतों में करीब 25 से 35 प्रतिशत की वृद्धि हुई है और डॉलर मजबूत होने से कंपनियों पर लागत का दबाव और बढ़ गया है। वहीं, सुपर प्लास्ट्रॉनिक्स प्राइवेट लिमिटेड (SPPL) ने अक्टूबर के बाद टीवी की कीमतों में करीब 7 प्रतिशत की वृद्धि की योजना बनाई है। अन्य होम अप्लायंसेज की कीमतें पहले ही 4 से 5 प्रतिशत बढ़ाई जा चुकी हैं।

हिंदी में शेयर बाजार,  स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।