Get App

Amazon ने मार्केट शेयर बढ़ाने के लिए भारतीय यूनिट में 1,600 करोड़ का निवेश किया

ग्लोबल ई-कॉमर्स कंपनी एमेजॉन ने अपनी भारतीय इकाई में 1,600 करोड़ रुपये निवेश किया है। रेगुलेटरी फाइलिंग से यह जानकारी मिली है। एमेजॉन ने यह निवेश ऐसे वक्त में किया है, जब मार्केट शेयर बढ़ाने के लिए ई-कॉमर्स कंपनियों के बीच मुकाबला तेज है। ग्लोबल ई-कॉमर्स कंपनी ने पिछले 5 महीने में दूसरी बार अपनी भारतीय इकाई एमेजॉन सेलर सर्विसेज में पैसा लगाया है

MoneyControl Newsअपडेटेड May 14, 2024 पर 5:12 PM
Amazon ने मार्केट शेयर बढ़ाने के लिए भारतीय यूनिट में 1,600 करोड़ का निवेश किया
Amazon के CEO एंडी जेसी के मुताबिक, कंपनी भारत में 2030 तक 15 अरब डॉलर निवेश करेगी, जिससे भारत में उसका कुल निवेश बढ़कर 26 अरब डॉलर हो जाएगा

ग्लोबल ई-कॉमर्स कंपनी एमेजॉन (Amazon) ने अपनी भारतीय इकाई में 1,600 करोड़ रुपये निवेश किया है। रेगुलेटरी फाइलिंग से यह जानकारी मिली है। एमेजॉन ने यह निवेश ऐसे वक्त में किया है, जब मार्केट शेयर बढ़ाने के लिए ई-कॉमर्स कंपनियों के बीच मुकाबला तेज है।

ग्लोबल ई-कॉमर्स कंपनी ने पिछले 5 महीने में दूसरी बार अपनी भारतीय इकाई एमेजॉन सेलर सर्विसेज में पैसा लगाया है। इससे कुछ समय पहले वॉलमार्ट ने फ्लिपकार्ट में 60 करोड़ डॉलर का निवेश किया था। फ्लिपकार्ट भारत में एमेजॉन की प्रतिद्वंद्वी कंपनी है।

इससे पहले एमेजॉन ने भारतीय इकाई में 830 करोड़ रुपये निवेश किए थे। कंपनी ने अपनी रेगुलेटरी फाइलिंग में बताया कि 1,660 करोड़ रुपये निवेश किए जाएंगे। इसके बदले में 10 रुपये प्रति शेयर के हिसाब से 166 करोड़ शेयर मौजूदा शेयरधारकों को जारी किए जाएंगे। ई-कॉमर्स भारत में तेजी से बढ़ रहा है। फिलहाल भारत में 24 करोड़ के करीब लोग ई-कॉमर्स का इस्तेमाल कर रहे हैं और 2030 तक 21 करोड़ नए यूजर्स जुड़ने की संभावना है।

एमेजॉन ने भारत में अपनी योजनाएं नए निवेश के हिसाब से ही तैयार की हैं। कंपनी के CEO एंडी जेसी के मुताबिक, कंपनी भारत में 2030 तक 15 अरब डॉलर निवेश करेगी, जिससे भारत में उसका कुल निवेश बढ़कर 26 अरब डॉलर हो जाएगा। इसमें 12.7 अरब डॉलर की वह रकम भी शामिल है, जो एमेजॉन वेब सर्विसेज (AWS) ने इस दशक के आखिर तक भारत में निवेश करने का ऐलान किया है।

सब समाचार

+ और भी पढ़ें