Anthropic और गूगल में हो सकती है अरबों डॉलर की डील, दोनों में चल रही बातचीत

OpenAI के एक पूर्व एंप्लॉयी ने 2021 में एंथ्रोपिक की शुरुआत की थी। इस डील के होने पर एंथ्रोपिक गूगल के टेंसर प्रोसेसिंग यूनिट्स (TPU) का इस्तेमाल कर सकेगी। टीपीयू गूगल के चिप्स हैं, जिन्हें मशीन लर्निंग वर्कलोड्स की रफ्तार बढ़ाने के लिए डिजाइन किया गया है

अपडेटेड Oct 22, 2025 पर 11:06 PM
  • Follow Us On Google
  • Add as a Preferred Source on Google
22 अक्टूबर को अमेरिकी स्टॉक एक्सचेंज के ओपन होने पर गूगल के शेयरों में 2.3 फीसदी का उछाल देखने को मिला।

एंथ्रोपिक पीबीसी और अल्फाबेट इंक की गूगल के बीच एक बड़ी डील को लेकर बातचीत चल रही है। इस डील के होने पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस कंपनी की कंप्यूटिंग पावर काफी बढ़ जाएगी। पहले से ही इसकी वैल्यू अरबों डॉलर में है। इस मामले से जुड़े लोगों ने यह जानकारी दी। अभी यह डील फाइनल नहीं हुई है। अगर यह डील होती है तो गूगल एंथ्रोपिक को क्लाउड कंप्यूटिंग सर्विसेज देगी।

डील होने पर एंथ्रोपिक टीपीयू का इस्तेमाल कर सकेगी

इस डील के बारे में जानकारी देने वाले लोगों ने अपने नाम जाहिर नहीं होने की शर्त पर ये बातें बताईं। इस डील के होने पर Anthropic Google के टेंसर प्रोसेसिंग यूनिट्स (TPU) का इस्तेमाल कर सकेगी। टीपीयू गूगल के चिप्स हैं, जिन्हें मशीन लर्निंग वर्कलोड्स की रफ्तार बढ़ाने के लिए डिजाइन किया गया है। गूगल एंथ्रोपिक की इनवेस्टर रह चुकी है। वह उसे क्लाउड भी देती थी।


गूगल के शेयरों में 22 अक्टूबर को 2 फीसदी से ज्यादा उछाल

इस बारे में गूगल और एंथ्रोपिक ने कुछ भी बताने से इनकार कर दिया। इस मामले की जानकारी रखने वाले लोगों ने यह बताया कि डील को लेकर बातचीत अभी शुरुआती अवस्था में है और बाद में चीजें बदल सकती हैं। 22 अक्टूबर को अमेरिकी स्टॉक एक्सचेंज के ओपन होने पर गूगल के शेयरों में 2.3 फीसदी का उछाल देखने को मिला। Amazon के शेयरों में करीब 1.5 फीसदी गिरावट आई। एमेजॉन भी एंथ्रोपिक की इनवेस्टर है।

2021 में सैन फ्रांसिस्को में हुई थी एंथ्रोपिक की शुरुआत

OpenAI के एक पूर्व एंप्लॉयी ने 2021 में एंथ्रोपिक की शुरुआत की थी। सैन फ्रांसिस्को की यह कंपनी लार्ज लैंग्वेज मॉडल्स की अपनी क्लाउड फैमिली के लिए जानी जाती है। इसकी प्रतिस्पर्धा OpenAI के जीपीटी मॉडल्स से है। दूसरी प्रतिद्वंद्वी कंपनियों की तरह Anthropic एडवान्स AI की रेस में शामिल होने के लिए फंड जुटा रही है। इंडस्ट्री के जानकारों का कहना है कि एंथ्रोपिक रिसर्च के लिए काफी फंड जुटा सकती है।

यह भी पढ़ें: Infosys ने 2500 से ज्यादा एआई प्रोजेक्ट्स डिलीवर किए हैं, कंपनी के एग्जिक्यूटिव ने जानकारी दी

एंथ्रोपिक ने हाल में फंड के लिए MGX से बातचीत की थी

एंथ्रोपिक ने हाल में अबुधाबी की इनवेस्टमेंट फर्म MGX से पैसे जुटाने के लिए बातचीत की थी। इससे करीब एक महीने पहले उसने 13 अरब डॉलर का फंड जुटाया था। यह पैसा उसने Iconiq Capital की अगुवाई वाले कुछ इनवेस्टर्स समूह से जुटाए थे। इनमें फिडेलिटी मैनेजमेंट एंड रिसर्च कंपनी और लाइटस्पीड वेंचर शामिल थे। इससे पहले गूगल ने एंथ्रोपिक में करीब 3 अरब डॉलर का निवेश किया था। Amazon ने एंथ्रोपिक में करीब 8 अरब डॉलर के निवेश का वादा किया है।

हिंदी में शेयर बाजार स्टॉक मार्केट न्यूज़,  बिजनेस न्यूज़,  पर्सनल फाइनेंस और अन्य देश से जुड़ी खबरें सबसे पहले मनीकंट्रोल हिंदी पर पढ़ें. डेली मार्केट अपडेट के लिए Moneycontrol App  डाउनलोड करें।