आईफोन मेकर एपल ने एक बार फिर छंटनी की है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट के अनुसार, पिछले हफ्ते एपल की Fitness+ टीम के कुछ कर्मचारियों को नौकरी से निकाल दिया गया। कहा जा रहा है कि इसका कटौती का असर Fitness+ के ऑडियो सेक्शन पर काम करने वाले कर्मचारियों पर पड़ा है, जिसमें 'Time to Walk' और 'Time to Run' जैसे कंटेंट शामिल हैं।
इन फीचर्स की मदद से Apple Watch यूजर बिना वीडियो देखे गाइडेड ऑडियो वर्कआउट को एक्सेस कर सकते हैं। फिलहाल इन फीचर्स को बंद नहीं किया जा रहा है। Fitness+ सर्विस के लिए लगातार नए वर्कआउट कंटेंट की जरूरत होती है। यह दो महीने से भी कम समय में कंपनी की ओर से जॉब कट का दूसरा मामला है।
अगस्त में 200 लोगों की छंटनी की थी खबर
इससे पहले अगस्त में खबर आई थी कि एपल अपने सिरी डिजिटल असिस्टेंट और विजन प्रो हेडसेट से जुड़ी टीमों में नौकरियां कम कर रही है। ब्लूमबर्ग की एक रिपोर्ट में मामले की जानकारी रखने वालों के हवाले से कहा गया था कि Apple अपनी 'इंटेलिजेंट सिस्टम्स एक्सपीरियंस' टीम के कर्मचारियों की भी छंटनी कर रही है। यह टीम सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग विभाग का हिस्सा है और डिवाइसेज के कुछ AI फीचर्स की जिम्मेदारी इस पर है। यह भी कहा गया था कि कंपनी Vision Pro के लिए गेमिंग पर फोकस्ड टीम को काफी हद तक शट डाउन कर रही है और डिवाइस के लिए इमर्सिव वीडियो कंटेंट बनाने वाली यूनिट का साइज भी घटा रही है। अगस्त के जॉब कट से 200 से अधिक लोग प्रभावित होने की खबर थी।
एक बयान में एपल ने माना था कि वह कुछ टीमों को फिर से व्यवस्थित कर रही है ताकि अपने यूजर्स को बेहतरीन अनुभव देने के लिए बिजनेस को आगे बढ़ा सके। कंपनी ने कहा था कि बदलाव के तहत नए जॉब रोल क्रिएट किए जाएंगे, लेकिन साथ ही कुछ मौजूदा रोल्स पर भी असर पड़ेगा।